सिढ़पुरा-पटियाली मार्ग पर शुरू हुआ मरम्मत का कार्य
सिढ़पुरा-पटियाली के बीच सड़क की दुर्दशा की खबर को जागरण ने प
कासगंज,जागरण संवाददाता : सिढ़पुरा-पटियाली के बीच सड़क की दुर्दशा की खबर को जागरण ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पीडब्लूडी विभाग की नींद टूटी और मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। लोगों ने जागरण का आभार व्यक्त किया है।
सिढ़पुरा-पटियाली के बीच 14 किलोमीटर का मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया था। यहां के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क हादसे भी हो रहे थे। जागरण ने यहां के लोगों की समस्या और पीडब्लूडी की वायदा खिलाफी को लेकर कब पूरा होगा लोक निर्माण विभाग का वायदा शीर्षक से छह नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग की नींद टूटी और आठ अक्टूबर से सड़क के मरम्मतीकरण का कार्य शुरु कराया गया है। गड्ढों को भरा जा रहा है। लोगों को समस्या से निजात मिलेगी। लोगों का कहना है कि यह रोड काफी लंबे समय से खराब पड़ा हुआ था। जिसको लेकर वे काफी समय से मांग कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों से भी उनके द्वारा अनुरोध किया जा रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों से भी अनुरोध किया था। जागरण हमेशा जन समस्याओं को उठाता रहा है। जागरण में प्रकाशित खबर का ही परिणाम है जो तीन वर्षों से गड्ढों में तब्दील हुई सड़क पर मरम्मतीकरण का कार्य शुरु हुआ है। इसके लिए जागरण का आभार व्यक्त करते हैं। - राजबहादुर सोलंकी, निवासी सिढ़पुरा
---------
जागरण की मुहिम रंग लाई है। सड़क पर मरम्मत का कार्य शुरु हो गया है। गड्ढे भरे जा रहे हैं। इससे लोगों की समस्या का निदान हुआ है। जागरण बधाई का पात्र है। - गौरव मिश्रा, निवासी फतेहपुर