हादसे में फीरोजाबाद के एक श्रद्धालु की मौत, नौ घायल
कासगंज संवाद सहयोगी ढोलना क्षेत्र के गांव महावर के समीप अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं से भरे मैजिक लोडर में टक्कर मार दी।
कासगंज, संवाद सहयोगी: ढोलना क्षेत्र के गांव महावर के समीप अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं से भरे मैजिक लोडर में टक्कर मार दी। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। दो को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।
फीरोजाबाद के गांव टीकरी थाना जसराना निवासी राम सिंह यादव पुत्र बाबूराम स्वजन के साथ मैजिक लोडर वाहन में सवार होकर देवी दर्शन के लिए अलीगढ़ के कस्बा गंगीरी में स्थित रतरोई मंदिर जा रहे थे।। उनका वाहन गांव महावर के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक फीरोजाबाद के गांव दारापुर रसेनी थाना जसराना निवासी गुरुदयाल पुत्र ज्ञान सिंह एवं वाहन में सवार राम सिंह यादव, महेश, विनोद, सुरेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, सलेटी सिंह, देवेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह और राजन सिंह घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान श्रद्धालु राम सिंह यादव की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विनोद और गुरुदयाल को अलीगढ़ रेफर कर दिया। अन्य सभी घायल फिरोजाबाद के निजी अस्पताल में ले जाए गए हैं। तेज आवाज के साथ हादसा, मची चीख पुकार
देर रात हादसा हुआ तो आसपास सन्नाटा था। आवाजाही भी कम थी। इस बीच तेज आवाज आई तो गांव महावर एवं समीप ही घरों में रह रहे लोग जाग गए। लोगों ने जब मौके पर पहुंचकर देखा तो चीख-पुकार मची हुई थी। घायल तड़प रहे थे। लग गया जाम
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन सड़क के बीच में आ गया। दोनों ओर के वाहन सड़क पर ही रुक गए। कुछ लोग वाहन रोक कर मदद करने लगे। इस दौरान जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाज जाम खुलवाया। घटना की जानकारी पर मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची थी। अज्ञात वाहन ने श्रद्धालुओं के वाहन में टक्कर मारी थी। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद कुमार मिश्रा, इंस्पेक्टर ढोलना