निर्माण कार्य के दौरान दीवार गिरी, मलबा में दबकर युवक की मौत
सहावर संवाद सूत्र निर्माणाधीन आवास में जेसीबी से गड्ढा खोदा जा रहा था।
सहावर, संवाद सूत्र: निर्माणाधीन आवास में जेसीबी से गड्ढा खोदा जा रहा था। दीवार की दूसरी ओर जेसीबी चालक का सहयोगी युवक लघुशंका कर रहा था। अचानक दीवार गिर पड़ी। मलबा में दबकर युवक की मौत हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक को मुआवजा दिलाने का भरोसा स्वजन को दिया।
आवंतीबाई नगर में मुन्नालाल के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। जेसीबी से दीवार के सहारे गड्ढा खोदा जा रहा था। जेसीबी चालक का सहयोगी युवक ग्राम अगूपुरा निवासी पवन पुत्र गिरीशचंद्र दीवार की दूसरी ओर लघुशंका को गया। तभी अचानक दीवार गिर गई। मलबा में दबकर युवक की मौत हो गई। स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। तहसीलदार राम दयाल रमन, सीओ शैलेंद्र परिहार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने मृतक के स्वजनों को शासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है। औपचारिकता के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
संवाद सूत्र, सहावर: जंगल में लकड़ी एकत्रित कर रहे युवक को नामजद आरोपितों ने बेरहमी से पीटा। युवक गंभीर रूप से घायल को गया। स्वजन ने ग्रामीणों ने चंदा लेकर उपचार कराया। सोमवार को युवक की मौत हो गई। मां की तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया हुआ है।
सहावर थाना क्षेत्र के गांव चेहका गुनार निवासी सोमवीर पुत्र भूरे लकड़ी एकत्रित कर परिवार का पालन-पोषण करता था। आठ दिन पूर्व वह जंगल से लकड़ी एकत्रित कर रहा था। इसी दौरान आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण स्वास्थ्य केंद्र से उसे रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित कर आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को गांव लाया गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार मीणा का कहना है कि मां रेखा ने गांव के ही दो नामजद आरोपितों राजकुमार एवं उसके पिता हरपाल के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तार नहीं किया गया है।