बारिश ने दिलाई उमस-गर्मी से राहत
जागरण संवाददाता कानपुर देहात बारिश से बुधवार को तापमान में करीब चार फीसद की गिरावट
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : बारिश से बुधवार को तापमान में करीब चार फीसद की गिरावट आई। सुबह से ही रह-रहकर हुई बारिश ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दिलाई, जिससे मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि कुछ स्थानों पर जल निकासी के प्रबंध न होने के कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जरूर जूझना पड़ा।
जिले के अकबरपुर, रूरा, शिवली, रसूलाबाद, बनीपारा, झींझक, रनियां, पुखरायां सहित अन्य स्थानों पर बुधवार तड़के से ही बारिश शुरू हो गई। रुक-रुककर हुई बारिश व तेज हवा से तापमान में भी गिरावट आ गई। अब तक जिले का तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तक था। बुधवार को हुई बारिश के बाद करीब चार फीसद की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। करीब एक सप्ताह से गर्मी व उमस की मार झेल रहे लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली जबकि धान, मक्का, चरी, तिल्ली, अरहर सहित अन्य फसलों को भी संजीवनी मिल गई क्योंकि बारिश न होने के कारण धान की फसल को नुकसान हो रहा था और किसानों को न चाहते हुए भी निजी संसाधनों का प्रयोग कर महंगे दामों में ¨सचाई करनी पड़ रही थी। करीब पांच घंटे तक हुई बारिश के कारण अकबरपुर के नयागंज मोहल्ला, ओवरब्रिज चौराहा, जिला अस्पताल परिसर, नवीपुर सहित अन्य स्थानों पर लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडेय सुनील ने बताया कि 9 अगस्त तक बारिश की संभावना अधिक है।