तीन करोड़ 30 लाख का विद्युत उपकेंद्र हैंडओवर न होने से अटका
तीन करोड़ 30 लाख का विद्युत उपकेंद्र हैंडओवर न होने से अटका
संवाद सूत्र, मूसानगर: ग्राम कृपालपुर में 33-11 केवी उप विद्युत केंद्र बनकर तैयार हो गया है। इसके बाद भी इसका शुभारंभ न होने से जिन गांव व कस्बों को इसका लाभ मिलना है उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं भवन पूरी तरह से बनने के बाद आज तक वीरान ही नजर आ रहा है। अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते इसमें जुड़े तीनों फीडरों के लिए विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
कृपालपुर में तैयार विद्युत केंद्र से आसपास के कई गांवों को इसका लाभ मिल सकेगा। यहां तक कि गांव तक नई लाइन भी पूर्ण हो चुकी है। मूसानगर के नजदीक लगभग 3.30 करोड़ की लागत से ग्राम कृपालपुर में उप केंद्र बनाया गया है। सुंदर भवन के साथ उसमें पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर समेत सारी सुविधाएं पूरी हो चुकी हैं। कई माह से विद्युत उपकेंद्र का भवन विभाग को हैंडओवर की आस में खड़ा है। फीडर से ग्राम गौरी, ग्राम जरसेन तथा ग्राम शेरपुर के नाम से तीन फीडर बनाए गए हैं। जो अभी तक गौसगंज उप केंद्र से संचालित होते थे। अब उक्त गांव के फीडर नए विद्युत उपकेंद्र से संचालित किए जाएंगे। भवन व सारी चीजें कंप्लीट होने के बावजूद भी अभी उससे उक्त गांव के लिए विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। लगभग 3.30 करोड़ की लागत से उप विद्युत केंद्र कृपालपुर में बनाया गया है। जो तीन गांव के लिए विद्युत आपूर्ति करेगा। एक सप्ताह के अंदर वह विभाग को हैंडओवर हो जाने की संभावना है। जैसे ही हैंडओवर हो जाएगा, उक्त गांवों को आपूर्ति नई फीडर से संचालित कर दी जाएगी।
सत्येंद्र कुमार, जेई