मुक्तेश्वरी मंदिर से यमुना जाने वाला मार्ग बदहाल
संवाद सूत्र मूसानगर सिद्धपीठ माता मुक्तेश्वरी मंदिर से हनुमान मंदिर व यमुना जाने वाले बदहाल माग
संवाद सूत्र, मूसानगर : सिद्धपीठ माता मुक्तेश्वरी मंदिर से हनुमान मंदिर व यमुना जाने वाले बदहाल मार्ग से लोगों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह जगह इंटरलॉकिग उखड़ जाने से दूरदराज स्थानों से आने वाले भक्तों को समस्या हो रही है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण मार्ग का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
माता मुक्तेश्वरी मंदिर से हनुमान मंदिर होते हुए यमुना नदी तक जाने वाली 500 मीटर सड़क का वर्ष 2018 में निर्माण कराया गया था। इसके बाद मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई। मंदिर तक जाने वाली इंटरलॉकिग उखड़ जाने के बाद लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यमुना नदी में स्नान व पूजा-अर्चना करने के लिए जिले ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी शिव शंकर अग्निहोत्री, सीमा अग्निहोत्री, श्याम लाल द्विवेदी, प्रमोद द्विवेदी, प्रियंवदा द्विवेदी ने बताया कि जिला पंचायत द्वारा बनवाए गए मार्ग की दोबारा सुध नहीं ली गई। नया निर्माण होना तो दूर बल्कि मरम्मत तक न होने से भक्तों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। दिन में किसी तरह से बचकर लोग निकलते हैं, लेकिन रात में जाना हो तो जरा सी चूक घायल कर सकती है। लोगों ने मार्ग को सही कराने की मांग की है।