पारा पहुंचा 40.6 डिग्री पर, लू के थपेड़ों ने झुलसाया
संवाद सूत्र मूसानगर अभी तक गर्मी व उमस से ही लोग परेशान थे लेकिन बुधवार को लू के थपेड़ो
संवाद सूत्र, मूसानगर : अभी तक गर्मी व उमस से ही लोग परेशान थे, लेकिन बुधवार को लू के थपेड़ों ने झुलसा दिया। पहली बार पारा 40.6 डिग्री अधिकतम गया और 5.3 डिग्री की एक दिन में बढ़ोतरी हुई। लू के चलते लोगों ने घरों के अंदर ही रहना मुनासिब समझा और दोपहर से शाम तक ज्यादातर सड़कों पर सन्नाटा रहा और कम वाहन सवार गुजरे। मौसम विभाग ने अभी तीन-चार दिन इसी तरह से मौसम रहने की आशंका जताई है।
जून के आखिर में लू कम ही चलती है, लेकिन इस बार मौसम में परिवर्तन होने से ऐसा हो रहा। कुछ दिन पहले बारिश थम जाने के बाद उमस व गर्मी से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बुधवार को तो गर्मी ने हालत खराब कर दी। अधिकतम तापमान जहां 40.6 तो न्यूनतम तापमान भी 30.7 तक पहुंच गया। अभी तक का यह सबसे अधिक तापमान रहा है। वहीं करीब 5.5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से लू चली और सभी को झुलसा दिया। सड़क पर आने जाने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं दिखा जो खुद को लू से बचाव करता ना दिखाई दे। लोग हैं कि दोपहर के समय में निकले ही नहीं और घर में रहकर आराम किया। जरूरी काम पर ही लोग बाहर गए पर उनकी भी हालत खराब हो गई। मौसम विज्ञानी डाक्टर एसएन पांडेय सुनील ने बताया कि मौसम कुछ दिन इसी तरह से रहेगा।
सब्जी व धान की पौध को नुकसान
कृषि विज्ञानी अशोक कुमार कहते हैं कि इसी तरह से अगर लू व गर्मी रही तो धान की पौध को नुकसान हो सकता है। उसे अधिक पानी की जरूरत होगी। वहीं सब्जियों को भी नुकसान होगा और सूखने का डर रहेगा साथ ही समय से पहले पक सकती हैं। किसान कल्लू राकेश मनोज कुमार हीरालाल शिवपाल आदि ने बताया कि मौजूदा समय में लपट चैत्र और वैशाख माह का अहसास करा रही है, जिससे लोग परेशान हैं।