झमाझम बारिश से गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत
जागरण संवाददाता कानपुर देहात दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दज
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई साथ ही गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। रविवार रात के अलावा सोमवार को भी दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की कमी हुई।
जिले में दो दिनों से मौसम में परिवर्तन हुआ है और लोगों को गर्मी से निजात मिल सकी है। रविवार पूरी रात जमकर बारिश हुई और हल्की सर्दी लगने लगी। हाल यह हुआ कि लोगों को अपने कूलर तक बंद करने पड़े। इसके बाद सोमवार सुबह लोग सोकर उठे तो मौसम खुशनुमा था। इसके बाद बदली छाई रही और दोपहर में फिर से तेज बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक बारिश होने से लोगों ने काफी राहत महसूस की। अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कुछ दिन तक मौसम इसी तरह से रहने के आसार है। बदली रहने के साथ ही बारिश होगी। इससे तापमान में गिरावट रहेगी और लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
धान व मक्का को फायदा
दो दिनों से हो रही बारिश से किसानों की धान व मक्का की फसल की बारिश से सिचाई हो गई। इससे उनके चेहरे पर खुशी है और उनका कहना है कि नलकूप से अब सिचाई नहीं करनी पड़ेगी और रुपये बचेंगे साथ ही फसल की जरूरत भी पूरी हो गई।