धूप ने दी थोड़ी राहत, शाम से फिर बढ़ी गलन
जागरण संवाददाता कानपुर देहात सुबह आसमान में बदली रहने के साथ ही बुधवार को हवा की ग
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : सुबह आसमान में बदली रहने के साथ ही बुधवार को हवा की गति सामान्य से अधिक रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर हुई, जिससे न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार हो रही गिरावट से लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। इससे जनजीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जबकि अधिकतम तापमान में भी गिरावट हुई थी। हालांकि बुधवार को न्यूनतम के साथ ही अधिकतम तापमान में भी मामूली बढ़ोत्तरी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हवा की गति सामान्य से अधिक 5.6 किमी प्रति घंटे रही। इससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर में धूप निकलने के बाद लोगों को मामूली राहत जरूर मिली, लेकिन शाम होते होते फिर से मौसम ठंडा हो गया। सर्दी से बचाव के लिए दिन में भी लोग अलाव तापते रहे। वहीं जिन्हें आवश्यक कार्य से बाहर निकलना भी पड़ा वह ठिठुरते रहे। अकबरपुर, रूरा, शिवली, डेरापुर, रसूलाबाद, झींझक सहित अन्य कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों में घरों से निकले लोगों तेज हवा के कारण समस्या का सामना करना पड़ा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। वहीं आगामी दिनों में भी सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में मौसम में परिवर्तन के कुछ आसार बन रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।