गर्मी व उमस के बीच बारिश से राहत
संवाद सूत्र मूसानगर गर्मी व उमस से परेशान लोगों को मंगलवार को कुछ राहत मिली। जिले में कु
संवाद सूत्र, मूसानगर : गर्मी व उमस से परेशान लोगों को मंगलवार को कुछ राहत मिली। जिले में कुछ जगह पर दोपहर बाद बारिश हुई और लोगों ने राहत महसूस की। वहीं बदली शाम को छाई रही व हवा चली।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप खिली थी और गर्मी व उमस से लोगों का हाल बेहाल था। दोपहर में भी यही हाल रहा और सभी लोग परेशान रहे। दोपहर बाद अचानक से मौसम ने करवट ली और बदली छा गई। जिले के मूसानगर, पुखरायां, सरवनखेड़ा, अकबरपुर व आसपास क्षेत्र में बारिश हुई। बारिश देखते ही लोग खुश हो गए और बच्चे तो भीगकर मस्ती करने लगे और गर्मी से राहत ली। वहीं बाकी क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई और लोग इसका इंतजार करते रहे। लोग बदली देखकर आस लगाए रहे कि बारिश होगी लेकिन शाम तक ऐसा न हुआ। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम 29 डिग्री रहा। कमलेश कुमार, गोरे यादव, मानसिंह, जसवंत सिंह व कल्लू पाल ने बताया कि कई दिनों से गर्मी से लोग बेहाल थे। हवा के बारिश हुई तो हम लोगों को काफी राहत मिली है। लेकिन कई दिन तक जमकर बारिश हो तभी सही से गर्मी से छुटकारा मिल सकेगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डाक्टर एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में अभी गर्मी रहेगी और हल्की बारिश हो सकती है। दूसरे सप्ताह के अंत तक बारिश तेज होने के आसार हैं।