झमाझम बारिश होने से खुशनुमा हुआ मौसम
जागरण संवाददाता कानपुर देहात पिछले तीन दिनों से कई बार हुई बारिश से मौसम खुशनुमा ह
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : पिछले तीन दिनों से कई बार हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। अधिकतम तापमान में करीब 9.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली,लेकिन निकासी के उचित प्रबंध न होने के कारण जिले के ग्रामीण व कस्बा क्षेत्र में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा।
जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो चुकी है। झमाझम बारिश होने के कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। रूरा, अकबरपुर, शिवली, पुखरायां, रनियां, झींझक, रसूलाबाद ही नहीं बल्कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी निकासी के उचित प्रबंध न होने के लोगों के व्यावसायिक प्रतिष्ठान के साथ ही घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बारिश के कारण लोगों को आवागमन में भी असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 9.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई और अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। वहीं हवा की गति भी सामान्य से अधिक 3.6 किमी प्रति घंटे रही। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसूनी गतिविधियों के कारण आगामी 48 घंटों में मंडल में बारिश की प्रबल संभावना है, जिसके बाद मौसम में परिवर्तन होगा।