ऋषि आश्रम में छह माह भी जिदा नहीं रह सके पौधे
संवाद सहयोगी रसूलाबाद हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से किया जाने वाला पौधारोपण लापरवाही की भ्
संवाद सहयोगी, रसूलाबाद: हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से किया जाने वाला पौधारोपण लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। पौधा जब रोपा जाता है तो बातें बड़ी-बड़ी होती हैं। एक पौधा रोपने के लिए 10 से 12 लोग आगे आते हैं। तालियां बजती हैं। फोटो खिंचती हैं, मगर फिर कोई ध्यान नहीं देता। नतीजतन पौधे सूख जाते हैं।
रसूलाबाद में इसी साल जनवरी माह में नगर पंचायत ईओ, सभासदों ने मिलकर कार्यालय के समीप ऋषि आश्रम में कदंब अशोक, पीपल, अमलतास, सहजन के तकरीबन साठ पौधे रोपे थे। उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प भी लिया था, लेकिन आयोजन के बाद पौधों की देखभाल नहीं की गई। वर्तमान में यहां न तो पौधे नजर आते हैं और न ही ट्री गार्ड। गड्ढे भी भर चुके हैं। रसूलाबाद नगर पंचायत के ईओ संजय पटेल का कहना है कि पौधों की देखरेख सही से नहीं हो पाई। अन्ना मवेशियों ने इन्हें नुकसान पहुंचाया है। अब मैदान में दोबारा पौधे रोपे जाएंगे।