उठान न होने से सुस्त हुई धान खरीद की रफ्तार
जागरण संवाददाता कानपुर देहात धान बिक्री करने में किसानों को परेशानी का सामना करना प
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : धान बिक्री करने में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उठान न होने के कारण अकबरपुर मंडी का टीन शेड धान के बोरों से भर गया है। इससे किसानों का धान खुले में एकत्र है। वहीं बिक्री के लिए आने वाले किसानों को समस्या बता वापस किया जा रहा है। इससे किसानों को दूसरी फसल की लागत में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक जिले में 59,274 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा सकी है।
जिले में धान खरीद के लिए खाद्य विभाग, पीसीयू, पीसीएफ, मंडी समिति, यूपीएसएस सहित छह एजेंसियों के 55 केंद्र बनाए गए हैं। धान खरीद शुरू हुए दो माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बाद भी केंद्रों पर अव्यवस्थाएं कम नहीं हुई हैं। खरीद केंद्रों पर बिक्री के लिए आने वाले किसानों को तमाम समस्याएं बताकर बैरंग लौटाया जा रहा है। कई चक्कर काटने के बाद भी किसानों का धान बिक्री नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें सस्ते दामों में धान बिक्री के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं अकबरपुर मंडी में समय से उठान न होने के कारण टीन शेड बोरों से भर चुका हैं। इससे खरीद प्रभावित हो रही है, जबकि बिक्री के लिए किसानों का धान खुले आसमान के नीचे जमा है। वहीं पूर्व में हुई बारिश में कई किसानों का धान भींग गया था, लेकिन इसके बाद भी अव्यवस्था बरकरार है। नरिहा गांव निवासी किसान राम स्वरूप बताते है कि अकबरपुर मंडी में धान बिक्री करने के लिए कई बार जा चुके, लेकिन अब तक बिक्री नहीं हो सकी है। पूर्व में आनलाइन टोकन भी लिया था, लेकिन टोकन व्यवस्था समाप्त होने से वह खत्म हो गया। वहीं पुर निवासी दिनेश ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व केंद्र पर गया था तब कुछ समय बाद आने की बात कही गई। दोबारा जाने पर भी फिर से रुकने के लिए कहा गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश व लेबर के कारण खरीद धीमी हुई है, लेकिन क्रमवार किसानों का धान खरीदा जा रहा है।