सबसे ठंडी रात, दिन में धूप ने दी राहत
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त है। शुक्रवार की रात बीते दशक बाद की सर्वाधिक ठंडी रही। तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे पहुंचने से बढ़ी गलन ने लोगों को बेहाल कर दिया। शनिवार दोपहर गुनगुनी धूप ने कुछ राहत दी लेकिन शाम ढलते ही सर्दी व कोहरा बढ़ने से लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हो गए।
शुक्रवार की रात को पछुआ हवाओं के साथ पारे में 4 डिग्री की गिरावट आने से तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस दिन का वर्ष 2008 के बाद से अब तक का सबसे कम तापमान है। रात में कड़ाके की सर्दी से बढ़ी गलन से लोग बेहाल रहे। शनिवार सुबह भी 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं व कोहरे का कहर जारी रहा। करीब 11.30 बजे कोहरा छंटने व सूरज निकलने से लोगों ने राहत महसूस की। घरों की छतों व लान में गुनगुनी धूप का मजा लेते दिखे। जिला अस्पताल में तीमारदार भी मैदान में आकर धूप का आनंद लेने लगे। शाम ढलते ही सर्दी व कोहरा बढ़ने से सड़कों पर सन्नाटा छा गया। सीएसए के वैज्ञानिक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम यानी 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता अधिकतम सौ फीसद व न्यूनतम 53 फीसद रही।
------------------
ठंड में दम तोड़ रहे पक्षी
कड़के की ठंड पक्षियों के लिए भी जानलेवा बन गई है। रूरा के भटौली गांव में ललित शुक्ला परिजनों के साथ छत पर गए तो कहीं से मोर आकर गिर गया और तड़पने लगा। जब तक वह कुछ करते मोर ने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान के पति अशोक मिश्रा की सूचना पर वनकर्मी विजय कुमार ने मोर को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ठंडसे मौत होने की संभावना जताई।
---------------
राहगीरों का मुंह चिढ़ाते ठंडे अलाव
कड़ाके की सर्दी व गलन के बाद भी अधिकांश स्थानों पर अलाव ठंडे रहे। संदलपुर, मूसानगर, राजपुर, गजनेर तिराहा, रोडवेज बस स्टैंड नवीपुर, टेंपो स्टेंड बरौर, देवीपुर चौराहा, अमराहट तिराहा, क¨हजरी, असालतगंज चौराहा इंदलपुर लालू बाजार, बैरी तिराहा, भेवान चौराहा, गहलौ चौराहा, भाऊपुर बाजार अधिकांश अलाव ठंडे रहने से राहगीर कूड़ा करकट जलाकर हाथ गर्म करने व ठिठुरते हुए वाहनों का इंतजार करने पर विवश हुए। पुखरायां, रूरा अंबियापुर आदि रेलवे स्टेशनों के आसपास रहा। नगरीय क्षेत्रों अकबरपुर, रूरा झींझक, सिकंदरा, रसूलाबाद, पुखरायां, डेरापुर व अमरौधा में ही कुछ जगह अलाव जलते दिखे। एडीएम वित्त व राजस्व विद्या शंकर ¨सह ने बताया कि अलावों का सत्यापन कराने के बाद लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।