संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका मिला विवाहिता का शव
संस रसूलाबाद (कानपुर देहात) नेहरू नगर में विवाहिता रीना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई
संस, रसूलाबाद (कानपुर देहात) : नेहरू नगर में विवाहिता रीना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई और उसका शव फांसी पर लटका मिला। मायके पक्ष ने दहेज की खातिर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
नेहरू नगर निवासी रवि गुप्ता का विवाह 18 जून 2018 को गुरसहायगंज कन्नौज निवासी रीना से हुआ था। गुरुवार रात रीना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई और उसका शव फांसी पर लटका मिला। रीना के पिता गुलाब चंद्र पहुंचे और आरोप लगाया कि ससुरालीजन ज्यादा दहेज की मांग करते थे। विरोध करने पर मारापीटा जाता था, इन्हीं लोगों ने हत्या कर शव को लटका दिया। उधर रवि के मुताबिक विवाह के एक वर्ष बाद बेटा पैदा हुआ, लेकिन किसी कारण से अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अभी 25 अप्रैल को रीना ने बेटी को जन्म दिया, लेकिन बदकिस्मती से उसकी भी जान चली गई। इससे वह तनाव में रहने लगी और बीमार हो गई। उसका इलाज कानपुर में डॉक्टर से करवाया जा रहा था। उसने तनाव में ही फांसी लगाकर जान दी है। दोनों की ही यह दूसरी शादी थी। थाना प्रभारी चंद्रशेखर दुबे ने बताया कि मायके पक्ष ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम से मौत का सही कारा पता चलेगा जिसके बाद कार्रवाई होगी।