जैसलपुर गांव में 1.20 करोड़ से बनेगा वृहद गो संरक्षण केंद्र
जागरण संवाददाता कानपुर देहात बेसहारा गोवंश को संरक्षण देने के लिए राजपुर ब्लाक के जै
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : बेसहारा गोवंश को संरक्षण देने के लिए राजपुर ब्लाक के जैसलपुर महदेवा गांव में वृहद संरक्षण केंद्र बनाया जाएगा। करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले संरक्षण केंद्र में 200 मवेशियों को रखने की विशेष व्यवस्था होगी। इसके लिए पहली किस्त के तौर पर शासन से 60 लाख रुपये स्वीकृत भी हो चुके हैं।
बेसहारा गोवंशों को सहारा देने के लिए शासन की ओर से पशु आश्रय स्थल, नंदीशाला का निर्माण कराया जा रहा है। आश्रय स्थलों में मवेशियों को सरंक्षण मिलने से किसानों की फसलें सुरक्षित हैं। गोशाला में मवेशियों के लिए चारा, दाना, पानी सहित अन्य व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश शासन की ओर से हैं, इसके साथ ही उनकी निगरानी के लिए शासन स्तर से टीम गठित कर निरीक्षण किया जा रहा है। वहीं अब राजपुर ब्लाक में वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनाया जाएगा। 0.522 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले संरक्षण केंद्र में 200 मवेशियों को रखने के विशेष इंतजाम रहेंगे। इसमें पशुओं के चारे के लिए चरही, पेयजल, छाया के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं रखी जाएंगी। पशुओं को छाया के लिए चार टीन शेड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही भूसा के लिए अलग से गोदाम बनाया जाएगा।
राजपुर ब्लाक के महदेवा गांव में वृहद गो संरक्षण केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें 200 पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी। इसके लिए शासन से 60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो गई है, जिससे जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। - गरिमा सिंह, एडीएम प्रशासन
10 हजार लीटर पानी टंकी का होगा निर्माण
पशुओं को पेयजल व्यवस्था के लिए संरक्षण केंद्र में 10 हजार लीटर पानी की टंकी का विशेष तौर पर निर्माण कराया जाएगा। इससे आपात स्थिति में पशुओं को पानी की किल्लत नहीं होगी। इसके साथ ही पेयजल के लिए अलग से नांदी की व्यवस्था भी रखी जाएगी।