शार्ट-सर्किट से तेल फैक्ट्री में भीषण आग, तीन झुलसे
संवाद सूत्र रनियां (कानपुर देहात) औद्योगिक क्षेत्र रनियां में टायर का तेल बनाने वाली फैक्ट्र
संवाद सूत्र, रनियां (कानपुर देहात) :
औद्योगिक क्षेत्र रनियां में टायर का तेल बनाने वाली फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से गुरुवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग से एक टैंकर चालक व दो मजदूर झुलस गए। आग की तेज लपटों और धुएं से आसपास के लोग सहमे रहे। करीब पांच घंटे मशक्कत के बाद सात दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों के नुकसान का आकलन है। फैक्ट्री में पूर्व सांसद व व्यापारी नेता श्यामबिहारी मिश्र साझेदार हैं।
रनियां में विसायकपुर रोड पर स्वरूप नगर कानपुर निवासी मनोज गुप्ता की टायर तेल बनाने वाली फैक्ट्री है। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे फैक्ट्री में बने टैंक से पाइप व मोटर के जरिये टैंकर में तेल भरा जा रहा था। इसी दौरान मोटर में शार्ट सर्किट हो गया और आग लग गई। तेल होने की वजह से तेजी से आग बढ़ी और टैंकर चालक सट्टी, शाहजहांपुर निवासी राजकुमार के अलावा फैक्ट्री मजदूर हुसैनगंज, फतेहपुर निवासी राजेश व कबीरनगर गोरखपुर निवासी नावेद खान झुलस गए। साथी कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें बचाया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची ऊंची लपटें उठने लगीं। सभी शोर मचाते हुए जान बचाकर बाहर की ओर भागे। पुलिस पहुंची और सभी को फैक्ट्री से दूर रहने को कहा। माती से दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग तेल के टैंक तक पहुंच चुकी थी, जहां हजारों लीटर तेल भरा था। साथ ही आसपास टायर व बाकी सामान भी थे। स्थिति भयावह स्थिति देखते हुए जिले की पांच व कानपुर से दो और दमकल मंगाई गई। इसके बाद चारों तरफ से पानी डालना शुरू किया गया। शाम छह बजे करीब जाकर आग पर काबू किया जा सका। फैक्ट्री मालिक मनोज गुप्ता ने बताया कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन अभी सही स्थिति का नहीं पता। चीफ फायर ऑफिसर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सात दमकल लगाई गई तो आग पर काबू पाया जा सका। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। जांच के बाद कारण और स्पष्ट होगा।