खाद्य सुरक्षा टीम ने भरे खोया पनीर सहित छह नमूने
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खोया व खाद्य पदार्थों की बिक्री
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: दीपावली के त्योहार पर मिलावटी खोया व खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नियंत्रण के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापामार अभियान शुरू कर दिया। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा टीम ने अकबरपुर, मंगलपुर, भूठा, सिकहिला व राजपुर में छापा मारकर खोया, पनीर, गुलाबजामुन पाउडर व बंद ब्रेड के छह नमूने संकलित किए।
दीपावली के त्योहार के मद्देनजर बड़े पैमाने पर नकली खोया, मिलावटी खाद्य तेल, बेसन, मसाले व दूध से बने खाद्य पदार्थों का कारोबार तेज हो गया है। शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ शुक्रवार से अभियान शुरू कर दिया। इसी क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश दीक्षित की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरज दीक्षित, सुमांशू सचान, सुनील कुमार, सुधा कनौजिया, विनीता व सुपरवाइजर रणवीर की टीम ने अकबरपुर के अमित चौरसिया के स्वीट हाउस में छापा मारकर यहां से खोया व पनीर का नमूना संकलित किया। इसके बाद टीम ने सिकहिला गांव के उदय प्रताप व भूठा के गुड्डन पांडेय की खोया भट्ठियों पर छापा मारकर खोया के दो नमूने संकलित किए। जबकि रसूलाबाद से वाहन लेकर बंद ब्रेड बेचने लाए शिव शंकर साहू से मंगलपुर में बंद का एक नमूना संकलित किया। यहां से राजपुर पहुंची टीम ने किराना विक्रेता सोमचंद्र के यहां से गुलाब जामुन पाउडर का नमूना संकलित किया। छापे की सूचना मिलते ही कई दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। इस पर टीम को बैरंग लौटना पड़ा। खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि संकलित किए गए सभी छह नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि त्योहार का विशेष अभियान 6 नवंबर तक जारी रहेगा।