कानपुर देहात में बस रुकवाकर कार सवार लुटेरों ने सर्राफों से की लूट
संवाद सहयोगी झींझक (कानपुर देहात) मंगलपुर के जूरिया नहर पुल के पास कार सवार लुटेर
संवाद सहयोगी, झींझक (कानपुर देहात) : मंगलपुर के जूरिया नहर पुल के पास कार सवार लुटेरों ने बस को ओवरटेक कर रोक लिया। बस में सवार दो सर्राफों को डंडे से जमकर मारा और उनके झोले में रखी ढाई किलो चांदी व 15 ग्राम सोना लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग निकले। सीओ पुलिस फोर्स संग पहुंचे और छानबीन की।
झींझक के मालवीय नगर निवासी चुक्खन उर्फ रामकुमार व झींझक के कपड़ा गली निवासी अजय वर्मा सिठमरा में सराफा की दुकान है। शुक्रवार देरशाम वह निजी बस से सवार होकर झींझक आ रहे थे। जुरिया पुल के पास पहुंचे थे कि एक कार को लुटेरों ने बस के आगे लगाकर रोक दिया। इससे पहले कि यात्री कुछ समझ पाते डंडा लेकर तीन चार लुटेरे बस में घुस आए। एक लुटेरा चालक अर्जुन सिंह के पास खड़ा हो गया। लुटेरों ने घुसते ही सीधे दोनों सर्राफ को डंडे से मारना शुरू कर दिया और लूटपाट कर भाग निकले भाग निकले। उनके जाने के बाद भी सभी यात्री सहमे रहे। सीओ डेरापुर आशापाल सिंह व थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह पहुंचे। रामकुमार ने बताया कि उनके झोले में पांच ग्राम सोना व आधा किलो चांदी थी। वहीं अजय के बैग में दो किलो चांदी व 10 ग्राम सोना था। दोनों के पास करीब साढ़े तीन हजार की नकदी भी थी। सीओ ने बताया कि लुटेरे कार से रूरा की तरफ भागे हैं। घटना की छानबीन कर पुलिस टीम लगाई गई है।
सर्राफ को पहचानते थे लुटेरे
घटना को सटीक रेकी के बाद अंजाम दिया गया। लुटेरे दोनों सर्राफ को सही से पहचानते थे। बस में घुसते ही उन्होंने किसी से कुछ कहा नहीं और सीधे उन दोनों को ही पकड़कर पीटा। इससे पता चलता है कि लुटेरों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी और उन्हें पता था कि वह रोजाना निजी बस से ही आते जाते हैं। लुटेरों की संख्या पर असमंजस
लुटेरों की संख्या पर असमंजस बना हुआ है। चालक का कहना था कि उसके पास एक लुटेरा आकर खड़ा हो गया और उसने डर के कारण पीछे देखा नहीं। वहीं किसी यात्री ने दो तो किसी ने तीन बताए। पीड़ितों ने तीन लुटेरों के होने की बात कही। इससे पुलिस कितने लुटेरे थे यह तस्दीक नहीं कर सकी है।