14 घंटे बिजली न आने से उमस व बेचैनी में कटी रात
जागरण संवाददाता कानपुर देहात बारिश के बाद बाढ़ापुर रोड पर हुई केबल फाल्ट के का
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : बारिश के बाद बाढ़ापुर रोड पर हुई केबल फाल्ट के कारण गुरुवार रात विद्युत आपूर्ति ठप रही। बिजली न आने के कारण उमस व गर्मी के बीच लोगों को रात बेचैनी में कटी। वहीं सुबह भी आपूर्ति न होने से लोगों को पेयजल सहित अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में बत्ती आई भी तो रात भर आंखमिचौली चलती रही। करीब 14 घंटे लाइट न आने के कारण लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ा। गर्मी व उमस के कारण अधिकांश लोगों की रात जागते हुए कटी।
गुरुवार दोपहर बारिश के बाद अकबरपुर-रूरा रोड के बाढ़ापुर मोड़ के पास केबल फाल्ट हो गया था। इससे अकबरपुर कस्बे के नयागंज, नेहरू नगर, अयोध्या नगर, गांधी नगर, अशोक नगर, इटैलियन मोहाल, राम गंज, काली गंज सहित अन्य स्थानों में आपूर्ति बाधित हो गई थी। स्थानीय लोगों ने विभागीय कर्मियों को समस्या से अवगत कराया, जिसके बाद पहुंचे कर्मियों ने फाल्ट को सही किया। करीब आधा घंटा बाद बिजली चलने के बाद दोबारा फिर लाइन फाल्ट हो गया। विद्युत विभाग के कर्मी देर रात तक फाल्ट सही करने में लगे रहे, लेकिन इसके बाद समस्या का निस्तारण नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने के कारण लोगों को पेयजल किल्लत की मारामारी रही और आसपास लगे हैंडपंप पर पानी लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि कुछ मोहल्लों में देर रात बिजली आपूर्ति बहाल जरूर कर दी गई थी, लेकिन लुकाछिपी का खेल पूरी रात जारी रहा। एसडीओ सतीश निषाद ने बताया कि जेई व लाइनमैन फाल्ट सही करने में लगे रहे, जिससे देर रात कुछ मोहल्लों की आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रभावित रहा कार्य : नयागंज निवासी अशोक मिश्रा ने बताया कि करीब 14 घंटे बिजली न आने के कारण गर्मी व उमस के साथ ही व्यावसायिक कार्य भी बंद रहे। उन्होंने बताया कि स्पेलर से पिराई का कार्य करते हैं। रात में बिजली न आने के कारण मजदूर का भाड़ा चला गया, जबकि कोई काम नहीं हो सका। सुबह ग्राहकों की लाइन लगी रही, लेकिन सभी को बैरंग लौटना पड़ा।