दिल्ली से इटावा लाकर प्रेमिका को एक्सप्रेस-वे के पुल से फेंका, हालत गंभीर
प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने वाली महिला ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है।
इटावा, जेएनएन। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर अगूपुर गांव के पास एक युवक ने अपनी प्रेमिका को पुल से नीचे फेंक दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला ने युवक पर दुष्कर्म और जान से मारने के लिए गला दबाकर पुल से फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।
पुलिस के अनुसार नई दिल्ली के संगम बिहार इलाके में प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली महिला मूल रूप से बिहार के थाना रघुनाथपुर जनपद सीवान की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में रहने वाले प्रेमी के साथ जा रही थी, रास्ते में उसने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पुल से नीचे सर्विस रोड पर फेंक दिया। उसने दुष्कर्म और गला दबाकर मारने का भी प्रयास का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष चौबिया जीवाराम यादव ने बताया कि महिला अपने प्रेमी के साथ पिछले छह माह से रह रही थी। उसके साथ पहले भी विवाद हो चुका है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।