गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी बांदा की मौरंग खदान, भगदड़ मचने से कर्मचारी को लगी गोली
केन नदी किनारे खप्टिहा की मौरंग खदान 100/1 में डंडा मैन मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के बोडापुर निवासी 20 वर्षीय शुभम ड्यूटी कर रहा था। वह मौरंग लादने आए वाहनों की कतार लगवा रहा था तभी रात करीब एक बजे बाइक से नकाबपोश तीन लोग पहुंचे
कानपुर, जेएनएन। बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र की खप्टिहा मौरंग खदान में रविवार आधी रात बाइक सवार तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस दौरान एक कर्मचारी के पैर में गोली लग गई। सीओ सत्य प्रकाश शर्मा घटनास्थल की जांच की।
केन नदी किनारे खप्टिहा की मौरंग खदान 100/1 में डंडा मैन मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के बोडापुर निवासी 20 वर्षीय शुभम ड्यूटी कर रहा था। वह मौरंग लादने आए वाहनों की कतार लगवा रहा था, तभी रात करीब एक बजे बाइक से नकाबपोश तीन लोग पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। एक गोली शुभम के पैर में लगी और वह गिर गया। खदान कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। इसी बीच बाइक सवार भाग निकले। साथी कर्मी अजय शर्मा और दुष्यंत मिश्रा घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद रात में ही लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया गया। इधर, सूचना मिलने पर खप्टिहाकलां चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
हाल ही में आया ग्वालियर से नौकरी करने : खदान संचालक केके शर्मा ने बताया कि शुभम इसी माह ग्वालियर से नौकरी करने आया और 13 हजार मासिक पर डंडा मैन का काम कर रहा है। रात करीब एक बजे बाइक से तीन नकाबपोश पहुंचे और गोलियां चलाने लगे। उसके पैर में गोली लगी है। थानाध्यक्ष पैलानी उमेश कुमार सिंह ने बयान लिया है। चौकी इंचार्ज ओम प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि घटना के बाद शुभम ने तहरीर दी है, जिसमें अज्ञात तीन लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
पहले भी हो चुकी है गोलीबारी : सनद रहे कि इसके पूर्व भी आसपास की खदानों में गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं। खदान से अवैध उगाही को लेकर स्थानीय दबंग घटना को अंजाम देते हैं। यहां की खदानें हमेशा चर्चा में रहती हैं।