थानों में बनी महिला हेल्प डेस्क, सिखाए आत्मरक्षा के गुर
थानों में शुरू हुई महिलाओं की शिकायतों पर सुनवाई

जागरण संवाददाता, कानपुर : नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार की ओर से शुरू किए गए मिशन शक्ति के तहत थानों में हेल्प डेस्क बना दी गईं। शनिवार को महिला पुलिसकर्मियों ने ही महिलाओं की फरियाद सुनी। कलक्टरगंज में महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए।
शासन की ओर से हर थाने में आगंतुक कक्ष और महिला हेल्प डेस्क शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए हर थाने में कंप्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल फोन व कैमरे से युक्त रिसेप्शन बनाने पर जोर दिया गया है। यहां शिकायतकर्ता को लिखने के लिए स्टेशनरी, कागज की भी व्यवस्था होगी। हर वक्त दो महिला सिपाही यहां तैनात किए जाने के लिए कहा गया है। शनिवार से थानों में आधी अधूरी तैयारी के साथ यह हेल्प डेस्क शुरू कर दी गईं। कर्नलगंज थाने में दारोगा सिपल रानी व सिपाही अर्पिता और प्रियंका ने महिलाओं की शिकायतें सुनीं। कोहना, स्वरूपनगर, कलक्टरगंज, हरबंशमोहाल आदि थानों में भी इसी तरह से महिला सिपाहियों को तैनात किया गया था।
कलक्टरगंज थाने में महिला थाना प्रभारी ने महिलाओं को मिशन शक्ति के बारे में बताया और ट्रेनर की मदद से आत्मरक्षा के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिलाएं बेझिझक शिकायत करें, कार्रवाई होगी।
--- यह होगी व्यवस्था शासन के निर्देश हैं कि कांच के पारदर्शी कमरे में बिजली, पंखा और पीने के पानी का भी इंतजाम होगा। कंप्यूटर पर शिकायतें दर्ज होंगी और टोकन नंबर मिलेगा। एक कर्मचारी फरियादी को पानी या चाय देगा। हर 15 दिन में सीओ व प्रतिदिन थाना प्रभारी समीक्षा करेंगे। कक्ष में अधिकारी, कर्मचारी के नाम व नंबर भी लिखे होंगे। डिजिटल वालंटियर ग्रुप के सदस्यों के नाम व नंबर भी होंगे।
Edited By Jagran