वृद्धाश्रम में कर्मचारियों की जगह काम करते मिले रिश्तेदार, नहीं मिले अभिलेख
महिला आयोग सदस्य को किदवई नगर के वृद्धाश्रम के निरीक्षण में तेइस के हस्ताक्षर रजिस्टर में मिले और ग्यारह कर्मी ही उपस्थित थे। खामियां देखकर अफसरों से जताई नाराजगी।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। किदवई नगर के ब्लाक में समाज कल्याण शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में गुरुवार को महिला आयोग सदस्य प्रभा गुप्ता ने निरीक्षण किया तो खामियां ही खामियां उजागर हो गईं। यहां कर्मचारियों की जगह उनके रिश्तेदार काम करते मिले। प्रोबेशन अधिकारी और समाज कल्याण विभाग के हास्टल सुप्रीटेंडेंट के सामने रजिस्टर मांगा, वह भी नहीं मिला।
आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता वृद्धाश्रम में पुष्पा तिवारी के साथ पहुंची थीं। यहां उन्होंने उपस्थिति, आगंतुक व मूवमेंट रजिस्टर आदि चेक किया। उपस्थिति रजिस्टर में सभी 23 कर्मचारियों के हस्ताक्षर थे, जबकि मौके पर सिर्फ 11 कर्मचारी ही मिले। पूछताछ में कई कर्मचारियों के स्थान पर उनके रिश्तेदार या दूसरे लोग काम करते मिले। उनका वृद्धाश्रम की ओर से कोई ब्यौरा तैयार नहीं किया गया था।
नहीं दिखाए अभिलेख
कर्मचारियों के रजिस्टर में उनकी प्रोफाइल का कालम भी पूरा नहीं था। निरीक्षण के दौरान उन्हें गंदगी मिली, जिसपर नाराजगी जता सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने बजट, खर्च व अन्य वित्तीय अभिलेख मांगे तो महिला कर्मी ने लेखाकार के न होने की बात कही। महिला आयोग सदस्य ने कर्मचारियों से अवकाश रजिस्टर, दानदाता रजिस्टर, कर्मचारियों का इंट्री रजिस्टर मांगा तो वह भी नहीं दिखा सके।
रसोई में जांची खाने की गुणवत्ता
इसके बाद उन्होंने वृद्धजनों से भोजन और नाश्ता आदि के बारे में पूछताछ की। रसोई के निरीक्षण में मेन्यू के हिसाब अरहर की दाल और सब्जी रोटी बननी थी लेकिन वहां मिक्स दाल बनती मिली। उन्होंने खाने की गुणवत्ता भी देखी और सुधारने की हिदायत दी। महिला आयोग की सदस्य का कहना है कि निरीक्षण में खामियां मिली हैं, वित्तीय अभिलेख नहीं दिखाएं हैं। निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करके भेजी जाएगी।