मासूम ने दरवाजे के झरोखे से देखी फंदे पर लटकी मां की लाश, पुलिस के सामने रोकर बयां की हकीकत Kanpur News
फांसी के फंदे में आठ गांठे लगी हुई थी जिससे शव फंदे पर लटकाए जाने की बात सामने आ रही है।
कानपुर, जेएनएन। बिधनू के भारतपुर गांव में बुधवार की सुबह विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला तो सनसनी फैल गई। जांच करने पहुंची पुलिस को मासूम बेटे ने रो-रोकर हकीकत बयां की तो सुनने वालों के दिल दहल गए। उसने दरवाजे के झरोखा से मां की बेरहमी से पिटाई होते देखने की जानकारी दी है। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर सास ससुर और जेठानी को हिरासत में लिया है।
लॉकडाउन में गुजरात से घर लौटा था पति
भारतपुर निवासी विवेक कुमार सूरत गुजरात की एक फैक्ट्री में काम करता है। लॉकडाउन में वह एक माह पहले घर आया था। बुधवार की सुबह उसकी 35 वर्षीय पत्नी सावित्री का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला तो सनसनी फैल गई। सास-ससुर और जेठानी समेत परिवार के लोग आ गए, इस बीच गांव के लोग भी एकत्र हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी तो कुछ देर में थानाध्यक्ष फोर्स लेकर पहुंच गए। उन्होंने पड़ताल शुरू की तो पति विवेक फरार मिला। इस बीच मां के शव को निहारते हुए गुमसुम खड़े मासूम बेटे पर पुलिस की नजर गई। थानाध्यक्ष ने मासूम बेटे को ढांढस बंधाते हुए पूछा तो वह फफक कर रो पड़ा। उसने रोते हुए पुलिस को पूरी हकीकत बयां की, जिससे सुनकर लोगों के दिल दहल गए।
मासूम बेटे ने बयां की दास्तां
थाना प्रभारी ने बताया कि नौ साल के बेटे प्रियांशू ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इससे घटना खुदकशी नहीं हत्या प्रतीत हो रही है। प्रियांशू ने पुलिस को बताया कि रात में पापा नशे में धुत होकर आए थे, मां ने विरोध किया तो उन्हें जोर जोर से पीटने लगे। इससे वह जाग गया और मां को बचाने लगा, इससे नाराज पापा ने उसे उठाकर कमरे के बाहर पटक दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। वह दरवाजे के पास गया और झरोखे से अंदर देखता रहा। कमरे के अंदर पापा मम्मी की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे। कुछ देर बाद फिर देखा तो मां फांसी के फंदे पर लटक रही थीं। यह देखकर वह चीखते हुए बाबा दादी के पास भागा। इस बीच कमरे से बाहर आए पापा धक्का देते हुए भाग गए।
सास-ससुर और जेठानी हिरासत में
पुलिस ने सास, ससुर और जेठानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मायके भीतरगांव कंधरा से आए भाई अजय सिंह ने पुलिस को बहन की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते बहनोई के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि बेटे ने पूरी घटना देखने की जानकारी दी है। घटना संदिग्ध लग रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फांसी के फंदे पर लगी आठ गांठों ने खड़े किए सवाल
थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि फांसी के फंदे में आठ गांठे लगी हुई थी, जिससे संदेह लग रहा है। पूछताछ में बेटे ने बताया कि पिता शराब के नशे में थे, उसने बीच बचाव किया तो उसे भी फर्श पर पटककर पीटकर कमरे से बाहर कर दिया। पोस्टामार्टम रिपोर्ट में फांसी के फंदे पर लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है, प्रकरण में जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।