Weather Update News: यूपी के ऊपर बन रहा चक्रवाती हवा का क्षेत्र, झमाझम बारिश के आसार
बीते दिनों हुई बारिश के बाद अचानक तापमान बढ़ने से लोगों को राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बनने की संभावना है जिससे तेज हवा चलेगी और झमाझम बारिश के आसार हैं।
कानपुर, जेएनएन। बीते एक सप्ताह से गर्मी और उमस से परेशान शहर के लोगों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। यूपी के ऊपर चक्रवाती हवा बनने से आने वाले दिनों में तेज बारिश के आसार हैं। इससे उमस से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है। बारिश कराने वाली हवाओं के राजस्थान की ओर चले जाने से यूपी में अचानक तापमान बढ़ गया था। अब एक बार फिर झमाझम बारिश के साथ तेज हवा चलने के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देश भर में बने मौसमी सिस्टम से मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। मानसून मानसून ट्रक अब बीकानेर तथा जयपुर होते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के केंद्र से गुजरते हुए, वाराणसी, पटना, बांकुरा और फिर दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की उत्तरी खाड़ी की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के रूप में पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मध्य भागों और इससे सटे पंजाब पर देखा जा सकता है।
चक्रवात लाएगा तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित होने से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे तेज हवा चलेगी, जबकि अच्छी खासी बारिश के आसार हैं। यह स्थिति दो से तीन दिन के अंदर बन सकती है।
मौसम का हाल
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी कृषि विश्वविद्यालय के अनुसार बीते शुक्रवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। इसी तरह आर्द्रता अधिकतम 83 प्रतिशत और न्यूनतम 67 प्रतिशत थी। दक्षिण पूर्व हवा की औसत गति 5.4 किमी/घंटा दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे और एक दिन में गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर बारिश होने की संभावना है।