Weather Update: यूपी में मानसूनी सिस्टम सक्रिय, तेज बारिश संग बिजली गिरने के आसार
बंगाल की खाड़ी से नम हवा और अरब देशों की ओर से शुष्क हवाओं के मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ने से बादलों का समूह बनता जा रहा है। इससे अगले दो दिन तक भारी बारिश की संभावना बन रही है और हवाएं भी सामान्य से तेज चलेंगी।
कानपुर, जेएनएन। यूपी के ऊपर मानसूनी सिस्टम पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। कानपुर समेत आसपास के जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहाना बना हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और फिलहाल तेज बारिश संग बिजली गिरने की प्रबल संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो हवा सामान्य से तेज चलेंगी और तापमान में उतार चढ़ाव बना रहेगा। आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है तथा गर्म और ठंडी हवा के मिलने से बिजली गिरने की आशंका भी बन रही है।
कानपुर शहर समेत आसपास के जिलों में बीते दो दिनों से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। शहर में शुक्रवार को भारी बारिश में सड़कें लबालब हो गईं, सबसे ज्यादा हालात किदवई नगर में बदतर नजर आए। यहां पर सड़कों में पानी भर जाने से वाहन आधे डूब गए और घरों-दुकानों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी हुई। फिलहाल मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में इसी तरह बारिश की संभावना जताई है, आसमान में बादल भी छाए हुए और मौसम भी खुशनुमा हो गया है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर से आ रही है, जबकि अरब सागर की नम हवा अरब देशों की ओर से शुष्क होकर मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं। नमी और शुष्क हवा के मिलने से बादलों के समूह बन जा रहा है। इस समूह को ट्रफ लाइन कहते हैं। मौजूदा समय में यह लाइन मैदानी क्षेत्रों में बारिश कराने की मजबूत स्थिति दर्शा रही है। मानसून की ट्रफ गंगानगर, हिसार, ग्वालियर, सतना, डाल्टनगंज, जमशेदपुर, बालासोर से बंगाल की खाड़ी की ओर जा रही है।
उन्होंने बताया कि एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और इससे सटे उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से पर बना हुआ है। ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश से दक्षिण गुजरात तक फैली हुई है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर राजस्थान, विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। तेलंगाना, ओडिशा, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में वर्षा हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, कर्नाटक, और केरल में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
नम और शुष्क हवा के मिलने पर गिरती बिजली
डा. पांडेय के मुताबिक नम और शुष्क हवा के मिलने पर बादलों की गर्जना बढ़ जाती है, जबकि बिजली गिरने की संभावना होती है। हवा सामान्य से तेज चलती है। दोनों हवा की दिशा बदलने पर ट्रफ लाइन कमजोर हो जाती है।