Weather News Update: शुष्क और नम हवाओं का मिलन, अब बने छिटपुट बारिश के आसार
मौसम विभाग की मानें तो अरब सागर से आ रही नमी लिए हवाएं राजस्थान के शुष्क व गर्म से मिल रही हैं जिससे यूपी के इलाकों में छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। रायबरेली कानपुर लखनऊ हरदोई फर्रुखाबाद में असर देखने को मिल सकता है।
कानपुर, जेएनएन। मानसून भले ही कुछ कमजोर पड़ गया है, लेकिन छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है। हवा सामान्य से काफी तेज चलेगी, जबकि आंधी आने के आसार भी हैं। अाने वाले दो दिनों में इसका असर नजर आ सकता है। राजस्थान और गुजरात के पास शुष्क और नम हवाएं मिल रही हैं, जिसकी वजह से हवाओं का रुख बदल गया है। राजस्थान के पास निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, इसका असर उत्तर प्रदेश के ऊपर भी पड़ रहा है। यूपी में अब छिटपुट बारिश के आसार बन गए हैं और जल्द बारिश की संभावना जताई जा रही है।
कानपुर शहर में बीते एक सप्ताह से तेज धूप और उमस से लोग बेहाल है और बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मानसून ठिठक जाने से बारिश नहीं हो रही है, जिससे मायूसी बनी हुई है। हालांकि अब शुष्क और नम हवाओं के मिलने से बारिश के आसार फिर बनने लगे हैं। लेकिन, मौसम विभाग की मानें तो यूपी के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि आने वाले दो दिनों में तेज आंधी की भी संभावना बनी हुई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब देशों की ओर से शुष्क व गर्म हवा आ रही है, जबकि अरब सागर से नमी वाली हवा आ रही है। दोनों का मिलन राजस्थान के पास हो रहा है। रायबरेली, कानपुर, लखनऊ, हरदोई, फर्रुखाबाद, उन्नाव, कन्नौज में हल्की बारिश हो सकती है। एक ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से झारखंड और उत्तरी ओडिशा होते हुए उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य चक्रवाती हवा का क्षेत्र ओडिशा के दक्षिणी तट और इससे सटे उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश पर है। दक्षिण गुजरात पर चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना हुआ है। सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर पूर्व भारत के बाकी हिस्सों, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों, बिहार के उत्तरी जिलों, पश्चिम बंगाल, विदर्भ के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, गुजरात क्षेत्र, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। झारखंड और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान (डिग्री०से०) : ३९.८ (+४.५)
न्यूनतम तापमान (डिग्री०से०) : २८.० (+१.६)
सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम : ७१ प्रतिशत
सापेक्षिक आर्द्रता न्यूनतम : ३७ प्रतिशत
हवा की औसत गति : ३.४ कि०मी०/घंटा
हवा की दिशा- उत्तर पूर्वी