Weather Update Kanpur: अभी स्थिर रहेगा कानपुर का मौसम, फसलों की बुवाई के लिए समय अनुकूल
मौसम विज्ञानी डा सुनील पाण्डेय ने बताया की एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कोमोरिन क्षेत्र और श्रीलंका तट के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर भी एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। दक्षिण पूर्वी हवाओं और आसमान पर छाए हल्के बादलों के कारण रविवार रात भी तापमान में मामूली इजाफा हुआ। न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री बढ़कर 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में बढ़ोतरी और हवा में नमी के कारण सोमवार सुबह हल्की धुंध छाई रही।
चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर में बने निम्न दबाव के कारण आसमान में ऊंचाई पर हल्के बादल हैं। इसके कारण तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।
आद्रता 95 फीसद से ज्यादा है, इसके चलते सुबह धुंध हो रही है। इस सप्ताह मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। किसानों को सलाह है कि गेहूँ, चना, सरसों, अलसी एवं सब्जियों आदि की बुवाई का कार्य जल्द पूरा करने का प्रयास करें।
देशभर में बना मौसमी सिस्टम: मौसम विज्ञानी डा सुनील पाण्डेय ने बताया की एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कोमोरिन क्षेत्र और श्रीलंका तट के आसपास के हिस्सों पर बना हुआ है। दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर भी एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह गहरे निम्न दबाव में बदल जाएगा और उसके बाद अगले 48 घंटों में पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा।
Edited By Abhishek Agnihotri