कानपुर में मौसम का हाल : दिन भर बादल और पूरी रात बारिश, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन
कानपुर और आसपास जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। हवा में 88 फीसद नमी बढ़ने से बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने शीतलहर जारी रहने से ठिठुरन और गलन और बढ़ने की संभावना जताई है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। शहर में आसमान अभी साफ नहीं है, दो दिन से बारिश का बदूस्तर जारी है। तीन दिन से जारी बारिश शुक्रवार की सुबह कुछ थमी रही और पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे लेकिन रात होते ही सिलसिला फिर शुरू हो गया। पश्चिमी विक्षोभ के साथ उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो शीतलहर के साथ गलन अभी जारी रहेगी।
कानपुर शहर में बुधवार की रात से बारिश शुरू हुई और गुरुवार को पूरे दिन और रात में जारी रही। शुक्रवार की बारिश तो बंद हुई लेकिन आसमान में काले घने बादलों का डेरा बना रहा तो सूर्य की किरणें भी धरती तक नहीं पहुंच सकीं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा में नमी की मात्रा 88 फीसद तक पहुंच गई और बारिश के आसान फिर बन गए। शुक्रवार की आधी रात बारिश फिर शुरू हो गई, जो सुबह तक जारी है। मौजूदा समय में बारिश थमी है लेकिन आसामन में बादलों का डेरा बना हुआ है। वहीं शीत लहर और गलन से लोगों की कंपकपी छूट रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आसमान पर घने बादल होने के कारण बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है और फिलहाल मौसम ऐसा ही रहेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक आसमान पर छाए घने बादलों के कारण शनिवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री की कमी आ सकती है। हिमालय पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ अपना प्रभाव डालेगा, इसके कारण तापमान में कमी आएगी। यही नहीं उत्तर पश्चिमी बर्फीली नम हवाएं पांच किमी प्रति घंटे से भी ज्यादा रफ्तार से चलेंगी और इससे शीतलहर व ठिठुरन बढ़ेगी। बूंदाबांदी और हल्की बारिश भी हो सकती है। गंगा के मैदानी इलाकों और शहर के बाहरी स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा भी पड़ सकता है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) ने तो कानपुर जिले में 20 मिलीमीटर बारिश की संभावना जताई है।