Weather Update Kanpur: रात के तापमान में गिरावट जारी, हवाओं से ठंड में इजाफा
कानपुर शहर में ठंड में इजाफा शुरू हो गया है रोजाना रात के तापमान में मामूली गिरावट का सिलसिला बना हुआ है। दो दिन में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट के साथ 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर पश्चिम हवाओं के साथ पूर्वी हवाओं से आ रही नमी के कारण शहर में रात के तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी है। सोमवार को एक बार फिर न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की कमी दर्ज की गई। अब न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, इसके चलते रात में ठंड और बढ़ी है। हालांकि मंगलवार सुबह आसमान पर हल्के बादल भी छाए रहे।
सोमवार को न्यूनतम तापमान में मामूली कमी हुई थी। तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस गिरकर 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट आई थी और पारा 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवाओं की दिशा बदली है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण आसमान में हल्के से बादल भी छाए रहेंगे। इससे आने वाले दिनों में तापमान स्थिर रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पूर्वी हवाओं के कारण रात में तापमान तेजी से गिरा है। लेकिन अगले दो-तीन दिन तक आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है इसके चलते तापमान में अभी ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि किसान खरीफ की खड़ी फसलों की कटाई व मड़ाई तथा रबी की फसलें जैसे-गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, सरसों, आलू आदि की बुवाई कर सकते हैं।