Weather Forecast Kanpur: नवंबर के शुरुआती दिनों में चलने वाली ठंडी हवा से कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार
लोगों को ठिठुरन का अहसास होने लगा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था। पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह जिला स्तर पर आसमान साफ रहेगा।
कानपुर, जेएनएन। दीपावली से पहले ही उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण लोगों को ठिठुरन का अहसास होने लगा है। गुरुवार को तेजी से गिरे अधिकतम तापमान ने सर्दी को और भी ज्यादा बढ़ा दिया है। नवंबर के शुरुआती दिनों में ही चलने वाली ठंडी हवा से इस बार कड़ाके की ठंड पडऩे के कयास लगाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में बारिश की भी संभावना बन रही है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से ठंड बढऩे के आसार हैं और दक्षिणी क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हो सकती है।
जानें शहर के मौसम का हाल
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था। जिससे ठंड का अहसास होता रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 78 प्रतिशत और न्यूनतम 35 फीसद रहा। उत्तर पश्चिम दिशा में 1.8 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं। पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह जिला स्तर पर आसमान साफ रहेगा।