Weather Update News: यूपी में कल से बनने लगेगा मानसूनी सिस्टम और फिर होगी झमाझम बारिश
कानपुर में रविवार रात हल्की बारिश से मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने के संकेत मिल गए हैं और उमस के बीच मौसम परिवर्तन के आसार बन गए हैं। मौसम विभाग ने तीन दिन बाद तेज बारिश की संभावना जताई है।
कानपुर, जेएनएन। यूपी में बारिश कराने वाली हवाओं के राजस्थान के ऊपर बने चक्रवात की ओर खींच जाने से कमजोर पड़ा मानसूनी सिस्टम फिर से सक्रिय होने वाला है। गर्मी और उमस के बीच एक बार फिर से मौसम में परिवर्तन के आसार बन रहे हैं। हवा तेज चलेगी और बदली के साथ ही तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार से यूपी में भी मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने लगेगा और 10 या 11 अगस्त तक बारिश होगी। इसका प्रभाव सोमवार से बूंदाबांदी के साथ दिखना शुरू हो जाएगा।
यूपी में कमजोर पड़ चुका मानसूनी सिस्टम फिर सक्रिय हो रहा है। कानपुर में रविवार रात हुई हल्की बारिश ने इसके संकेत दे दिए हैं। बीते दस दिनों से उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने वाली है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग में विज्ञानी डा. एसएन पांडेय के मुताबिक तापमान में उतार चढ़ाव होगा। बदली छाई रह सकती है। तेज बारिश 11 अगस्त को होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।
उन्होंने बताया कि मानसूनी ट्रफ अब बीकानेर तथा जयपुर होते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से गुजरते हुए, वाराणसी, पटना, बंगाल की उत्तरी खाड़ी की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवा के क्षेत्र के रूप में पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के मध्य भागों और इससे सटे पंजाब पर है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम यूपी और उत्तर पश्चिमी राजस्थान का मौसम शुष्क है। मानसून की अक्षीय रेखा देश के मध्य भाग से होते हुए दिल्ली के दक्षिण में चल रही थी। उत्तरी मध्य प्रदेश पर भी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह मौसमी सिस्टम पैरामीटर मध्य भारत के ऊपर हैं, इसलिए उत्तरी मैदानी इलाकों में मानसून कमजोर है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।
अगले 24 घंटे में कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो जाएगा। मानसून की अक्षीय रेखा उत्तर की ओर बढ़ने लगेगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में 10 या 11 अगस्त से हल्की से मध्यम बारिश संभव है। कम दबाव का क्षेत्र मध्य प्रदेश के उत्तर मध्य भाग और इससे सटे दक्षिण उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। अगले 24 घंटे के दौरान, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, उत्तराखंड, केरल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दिल्ली, दक्षिण गुजरात, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं।