Vikas Dubey News: मध्य प्रदेश में रहता है विकास का कुख्यात साला रालू खुल्लर, चंबल के बीहड़ में होने का शक
सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में मोस्टवांटेड अपराधी विकास दुबे को पुलिस की टीमें नेपाल मध्य प्रदेश व राजस्थान में भी तलाश रही हैं।
कानपुर, जेएनएन। सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में फरार मोस्टवांटेड अपराधी विकास दुब चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। अबतक की जांच में पुलिस का संदेह उसके मध्यप्रदेश में होने का बना है, वहीं चंबल के बीहड़ में उसके होने का शक गहराने से पुलिस टीमें भी सतर्क हो गई हैं। हालांकि पुलिस टीमें उसकी तलाश नेपाल, मध्य प्रदेश और राजस्थान में जोर-शोर से कर रही हैं। कानपुर समेत कई जिलों में उसके पोस्टर चस्पा कराए गए हैं, वहीं हाईवे के टोल प्लाजा के हर बूथ पर में उसकी फोटो सहित पोस्टर चस्पा किए गए हैं। हर पुलिसकर्मी के मोबाइल पर भी उसकी फोटो भेजी गई है, ताकि कुख्यात को दबोचने में मदद मिल सके।
मोस्टवांटेड ढाई लाख के इनामी विकास दुबे की तलाश में प्रदेश की 60 टीमें लगी हुई हैं। बताया जा रहा है कि वह नेपाल भाग गया है, लेकिन पुलिस को मानना है कि वह अभी भी देश में ही है। उसके मध्यप्रदेश या राजस्थान में होने की आशंका है। पुलिस का सबसे अधिक ध्यान मध्य प्रदेश पर है क्योंकि विकास का साला और कुख्यात अपराधी राजू खुल्लर की लोकेशन मध्य प्रदेश में मिली है। पुलिस को शक है खुल्लर ने ही उसे अपने संरक्षण में कहीं छिपाया है।
हर प्रमुख स्थानों पर चस्पा किए गए पोस्टर
मोस्ट वांटेड विकास दुबे के पोस्टर पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराने शुरू कर दिए हैं। कानपुर के हर थाने, प्रमुख बाजार, सार्वजनिक स्थलों, रेलवे व बस स्टेशन पर उसकी फोटो चस्पा की गई है। चकेरी थाना पुलिस ने कानपुर-लखनऊ हाईवे स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा के बूथों पर विकास दुबे के पोस्टर लगाए हैं। टोल कर्मियों को वाहनों पर निगाह रखने व संदिग्ध दिखाई पडऩे पर एसएचओ चकेरी को सूचित करने के लिए कहा गया है। उधर, कानपुर देहात पुलिस ने बारा टोल प्लाजा पर कई जगह पोस्टर चस्पा किए। शिवली, रसूलाबाद रूरा व अन्य जगहों पर भी पोस्टर लगाए गए हैं। एसएसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि सभी पुलिस कर्मियों के मोबाइल पर विकास की फोटो भेजी गई है। ऐसा ही आदेश कानपुर देहात पुलिस ने भी किया है।
चंबल के बीहड़ में छुपे होने का शक, पुलिस अलर्ट
हमारे नई दुनिया के गुना संवाददाता के अनुसार पुलिस को दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के चंबल के बीहड़ में छुपे होने की भी आशंका है। कारण यह कि उसकी आखिरी लोकेशन औरैया पाई गई थी। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं। औरैया से आगे चंबल पार करके भिंड और ग्वालियर की ओर आसानी से आया जा सकता है। यहां से आगरा की ओर बढ़ेंगे तो राजस्थान की सीमा भी सटी ही है। इस लिहाज से यह शातिर अपराधी बीहड़ को ठिकाना बना सकता है। ग्वालियर एडीजी राजा बाबू सिंह ने बताया कि चंबल और उसके आसपास के सभी जिलों की पुलिस हाईअलर्ट मोड पर है। कानपुर एडीजी जयनारायन सिंह ने बताया है कि विकास की आखिरी लोकेशन औरैया थी। वह यहां से चंबल के बीहड़ की ओर छुप सकता है। लगातार चेकिंग भी कराई जा रही है।