Vikas Dubey News : कानपुर हत्याकांड के वांछित अपराधी शिवम दुबे को STF ने किया गिरफ्तार
कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दो जुलाई की रात आठ पुलिसकर्मियों के जघन्य हत्याकांड का वांछित अपराधी शिवम दुबे को एसटीएफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
कानपुर, जेएनएन। कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दो जुलाई की रात आठ पुलिसकर्मियों के जघन्य हत्याकांड का वांछित अपराधी व दुर्दांत अपराधी विकास दुबे के चचेरे भाई शिवम दुबे को एसटीएफ टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ के अनुसार 50 हजार रुपये के इनामी शिवम को चौबेपुर में ही पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि वह दो जुलाई रात से फरार था। फरारी के दौरान उसने कई जिलों में रिश्तेदारों के यहां शरण ली। गुरुवार शाम वह टोह लेने आ रहा था, तभी एसटीएफ यहां एक साबुन फैक्ट्री के मोड़ के पास से उसे दबोच लिया गया।
बिकरू कांड के दूसरे दिन तीन जुलाई की सुबह पुलिस ने विकास दुबे के चचेरे भाई अतुल दुबे को मुठभेड़ में मार गिराया था। इस हत्याकांड में अतुल का सगा भाई यानी विकास दुबे का चचेरा भाई शिवम दुबे उर्फ दलाल भी नामजद है, जो वारदात के बाद से फरार था। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के अनुसार हत्याकांड की रात शिवम दुबे भी पुलिस से मोर्चा लेने में शामिल था। वह भी पुलिसकर्मियों पर गोलियां बरसा रहा था। अब गुरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है। उसके जरिये अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किया जा रहा है।
शिवम के बहनोई से ही हुआ था राहुल का विवाद : दो जुलाई रात बिकरू में जो कुछ भी हुआ उसका असली जिम्मेदार शिवम ही है। शिवम के बहनोई सुनील से ही राहुल तिवारी का विवाद हुआ था। शिवम ने ही मामले में विकास दुबे को डाला था। दरअसल, जिस छह बीघा जमीन पर विवाद हुआ, वह गांव के लल्लन शुक्ला की थी। लल्लन का कोई बेटा नहीं है, केवल तीन बेटियां ज्योतिमा, प्रतिमा और सरिता हैं। ज्योतिमा की शादी गौरी लक्खा निवासी बबलू तिवारी और प्रतिमा की शादी जादेपुर निवासी राहुल तिवारी से हुई। सरिता अभी अविवाहित है। लल्लन शुक्ला ने उन्नाव के गौरी निवासी अपने भांजे सुनील तिवारी को सहयोग के लिए घर पर रख लिया। करीब साल भर पहले लल्लन शुक्ला की मौत हो गई। आरोप है कि इस बीच सुनील ने दाननामा वसीयत बनवाकर जमीन अपने नाम करवा ली। यहीं से लल्लन शुक्ला की बेटियों व दामादों से सुनील का विवाद शुरू हो गया। सुनील की शादी शिवम दुबे की बहन से हुई थी। शिवम ने जानकारी होने पर विकास को बीच में डालकर बहन की मदद की कोशिश की तो बात बिगड़ गई।