Vikas Dubey News: जय बोला-पड़ोसी गांव का होने की वजह से विकास को जानता था, जितनी बताई जा रही संपत्ति उतनी है नहीं
बिकरू कांड के बाद पुलिस ने जय बाजपेई को नजीराबाद काकादेव व कल्याणपुर थाने में अलग-अलग 12 दिन रखा लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिले।
कानपुर, जेएनएन। मनमर्जी जिंदगी जीने वाला जय बाजपेयी सोमवार को जेल जाते समय फफक पड़ा। महंगी गाड़ी के बजाय पुलिस वाहन पर सवार होने पर आंसू निकल पड़े। पत्नी श्वेता बाजपेयी का हाथ पकड़कर खूब रोने संग पश्चाताप भी करता रहा। उसकी पत्नी माती कोर्ट परिसर में एक चबूतरे पर गुमसुम बैठी रही। उसके साथी प्रशांत की पत्नी रंजना भी बेटे व बेटी को लेकर पास में बैठी नजर आई। श्वेता ने कहा कि कुछ लोग फर्जी कागजात दिखा पति को फंसाने में जुटे हैं।
जेल जाने से पहले जय बाजपेयी ने कहा कि बिकरू के पड़ोसी गांव दिलीप नगर का होने के कारण वह विकास दुबे को जानता था। इसीलिए अमर की शादी में शामिल हुआ था। बताया कि नजीराबाद, काकादेव व कल्याणपुर थाने में अलग-अलग जगह 12 दिन रखा गया, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिले।
अनंत देव से थी शिष्टाचार भेंट : जय ने कहा कि तत्कालीन एसएसपी अनंत देव से सिर्फ शिष्टाचार भेंट होती थी। उनसे कोई गहरे संबंध नहीं थे। उनके लिए बिठूर में फार्म हाउस बनवाने की बात झूठी है।
विकास के डर से छिपाई थी कारें : बताया कि बिकरू कांड के बाद विकास के डर से कारें विजय नगर चौराहे पर छिपाई थीं। डर था कि वह कहीं मदद मांगने न आ जाए। पुलिस घर के सीसीटीवी फुटेज देख चुकी है। मेरे यहां बिकरू का कोई व्यक्ति नहीं आया।
ऋण लेकर बनाई संपत्ति : जय ने बताया कि सात जगह से ऋण लेकर पांच भाइयों के पांच मकान बनाए हैं। विदेश में कोई संपत्ति नहीं है। थाईलैंड व दुबई दो-दो बार परिवार के साथ गया हूं। उसकी जितनी बताई जा रही है, उतनी संपत्ति नहीं है। उसने विकास से कुल 11.60 लाख रुपये उधार लिए थे। यही धनराशि उसके खाते में भेजी थी।
प्रशांत बोला-बिकरू में ससुराल का भुगत रहा खामियाजा
जय के साथ प्रशांत शुक्ला उर्फ डब्बू ने कहा कि 12 जुलाई को पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए उठाया था। घटना वाले दिन वह अपने ही घर पर था, जिसके सीसीटीवी फुटेज पुलिस को देने पर छूटा था। रविवार रात पुलिस उसे फिर ले आई। उसका अपराध सिर्फ इतना है कि उसकी ससुराल बिकरू में है। बता दें कि प्रशांत की ससुराल विकास दुबे के घर के बगल में रहने वाले ओम प्रकाश दुबे के घर उसकी ससुराल है।
जेल में उदास बैठे रहे दोनों : जेल में जय व प्रशांत को नए कैदियों के साथ रखा गया है। यहां पहुंचने के बाद दोनों उदास बैठे रहे। पीने के लिए पानी मांगा। बताते हैं, कैदियों ने पूछा कि वह विकास दुबे का साथी है तो कुछ बोला नहीं।