Vikas Dubey News: रिचा दुबे के बाद ईडी अब और लोगों से भी कर सकती है पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय बिकरू कांड में आरोपित दुर्दांत विकास दुबे और जय बाजपेयी समेत 36 आरोपितों की काली कमाई से जुटाई गई संपत्तियों की जांच कर रहा है इसमें विकास दुबे की पत्नी से पूछताछ के बाद अब और लोगों को भी बुला सकता है।
कानपुर, जेएनएन। बिकरू कांड में विकास दुबे, उससे जुड़े लोगों और गिरोह की काली कमाई की जांच को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तेज कर दिया है। लखनऊ में विकास दुबे की पत्नी ऋचा दुबे से पूछताछ के बाद अब और लोगों से भी पूछताछ की संभावना जताई जा रही है। करीब सात घंटे की पूछताछ में रिचा ने पति द्वारा रकम को जय वाजपेयी के जरिये विभिन्न व्यवसायों में निवेश कराने की बात स्वीकार की है।
प्रवर्तन निदेशालय बिकरू कांड के मुख्य आरोपित विकास दुबे और उससे जुड़े जय बाजपेई समेत संबंधित लोगों की संपत्तियों की जांच कर रहा है। अबतक बड़ी संख्या में ईडी संपत्तियों की जानकारी जुटा चुका है। निदेशालय द्वारा आरोपित पक्ष से सीधे पूछताछ शुरू कर दी गई है। बुधवार को ईडी ने सात घंटे तक विकास दुबे की पत्नी रिचा दुबे से पूछताछ की थी, जिसमें विकास दुबे के बैंक खाते, चल-अचल संपत्तियों, आय और कारोबार के बारे में सवाल किए थे। विकास दुबे के खाते से लेनदेन करने वालों के बारे में भी जानकारी जुटाई थी।
रिचा से विकास दुबे के जय वाजपेयी समेत अन्य लोगों से व्यवसायिक संबंधों को लेकर भी पूछताछ की थी। ऐसी चर्चा है कि ईडी ने रिचा के बयान दर्ज करने के बाद अब और लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। रिचा दुबे द्वारा विकास दुबे का पैसा जय बाजपाई के पास होने की जानकारी दिये जाने पर ईडी अब और जानकारी जुटा सकती है। इसके लिए संभावना है कि वह और लोगों से पूछताछ कर सकती है। ईडी दुर्दांत विकास दुबे, जय वाजपेयी समेत करीब 36 आरोपितों के विरुद्ध काली कमाई से जुटाई गई संपत्तियों की जांच कर रही है।