Vikas Dubey News: पुलिस को चकमा देकर विकास के भांजे का कोर्ट में सरेंडर, 25 हजार का था इनाम
बिकरू कांड में बीते चार दिनों में चार आरोपित कानपुर देहात के विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित न्यायालय में समर्पण कर चुके हैं।
कानपुर, जेएनएन। बिकरू कांड में सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में मुख्य सूत्राधार हिस्ट्रीशीटर अपराधी विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पुलिस उसके फरार सहयोगियों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस को चकमा देकर विकास के भांजे आशुतोष त्रिपाठी उर्फ शिव ने कानपुर देहात की विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित न्यायालय में समर्पण कर दिया। न्यायालय से उसे तीन सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उसपर 25 हजार का इनाम घोषित था।
बिकरू कांड के बाद विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पुलिस पुलिस कर्मियों की हत्या में शामिल रहे विकास के साथियों और गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही है। विकास के सभी फरार साथियों पर अलग अलग इनाम की राशि घोषित है। कभी पुलिस फरार आराेपितों को गिरफ्तार करने में सफल हो रही है तो कभी पुलिस को चकमा देकर विकास के सहयोगी कोर्ट में समर्पण करने में कामयाब हो रहे हैं। पिछले चार दिनों में तीन आरोपित न्यायालय में समर्पण कर चुके हैं।
शुक्रवार की शाम विकास का भांजा चौबेपुर बसेन गांव निवासी आशुतोष त्रिपाठी उर्फ शिव पुत्र रमेश चंद्र पुलिस को चकमा देकर विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित कोर्ट में हाजिर हो गया। वकील द्वारा पहले से प्रस्तुत सरेंडर प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश राम किशोर ने आरोपित को तीन सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा ने बताया कि बिकरू कांड में आरोपित आशुतोष ने न्यायालय में समर्पण किया है, उसे जेल भेजा गया है।
पुलिस ने दो और इनामी आरोपितों को किया था गिरफ्तार
एसटीएफ और चौबेपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बिकरू कांड के दो और 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपितों को गिरफ्तार किया था। एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, बिकरू में दो जुलाई को सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों की हत्या में नामजद 25 हजार रुपये के इनामी धीरेंद्र उर्फ धीरज उर्फ धीरू के कानपुर-कन्नौज मार्ग पर देखे जाने की सूचना मिली।
इस पर बिल्हौर थानाक्षेत्र के लालपुर मोड़ के पास से धीरू को गिरफ्तार कर लिया गया। धीरू के पिता रमेश चंद्र दुबे, उसके भाई बीरू और हीरू पहले से ही जेल में हैं। पुलिस ने देर शाम चौबेपुर में बिकरू के पास से ही 25 हजार रुपये के इनामी डिब्बा निवादा निवासी नन्हू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। उधर, एक अन्य आरोपित के भी पकड़े जाने की चर्चा है, लेकिन किसी पुलिस अफसर ने इसकी पुष्टि नहीं की।