राम काज करिबे को आतुर...विधानसभा अध्यक्ष समेत उनके परिवार ने दी 2.74 लाख की समर्पण निधि
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए विस अध्यक्ष के आवास पर आरएसएस विभाग प्रचारक को सौंपी गई। भगवंत नगर विस क्षेत्र के लोगों से मिले चेक व नकद राशि भी भेंट की गई। पत्नी माधुरी दीक्षित पुत्र अरुण कुमार और दिलीप कुमार दीक्षित ने 51-51 हजार रुपये का सहयोग किया।
उन्नाव, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित, उनकी पत्नी, पुत्रों एवं पुत्रवधुओं ने अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 2.74 लाख रुपये की समर्पण निधि समर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष के आवास विकास काॅलोनी स्थित निवास पर रविवार को पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विभाग प्रचारक आलोक ने यह राशि ली।
अयोध्या में राममंंदिर तीर्थ क्षेत्र के लिए 1.21 लाख रुपये की सहयोग निधि विस अध्यक्ष ने दी। उनकी पत्नी माधुरी दीक्षित ने 51 हजार, उनके पुत्रों अरुण कुमार ने 51 और दिलीप कुमार दीक्षित ने 51 हजार रुपये का सहयोग किया। इसके अतिरिक्त उनके विस क्षेत्र भगवंत नगर के क्षेत्रीय लोगों से मिलीं सहयोग राशि की चेकें एवं नकद 1.21 लाख रुपये की समर्पण राशि भी विभाग प्रचारक को दी गईं। इस मौके पर उनकी बहुओं अल्का, ममता दीक्षित के अलावा परिवार के नमामि दीक्षित, सात्विक, दिव्यांश, ऋतिम, नीलम त्रिपाठी, संजय त्रिपाठी, ओम प्रकाश अवस्थी, शिवम तिवारी, आनन्द अवस्थी उपस्थित रहे।