कानपुर में नामांकन का सिलसिला शुरू, मंत्री सतीश महाना समेत कई प्रत्याशियों ने दाखिल किए पर्चे
कानपुर में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी अब मैदान में उतर चुके हैं महाराजपुर गोविंद नगर आर्य नगर घाटमपुर और कल्याणपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कराए हैं। बिठूर से सपा प्रत्याशी ने पहले दिन ही पर्चा दाखिल कर दिया था।
कानपुर, जागरण संवाददाता। यूपी चुनाव में तीसरे चरण के मतदान के लिए कानपुर व आसपास जिलों में प्रत्याशियों की नामांकन का सिलसिला शुरू हो चुका है। पहले दिन बिठूर से सपा प्रत्याशी पर्चा दाखिल कर चुके हैं, वहीं गणतंत्र दिवस के अवकाश के बाद अगले दिन महाराजपुर विधानसभा सीट से औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने नामांकन दाखिल किया है। उनके अलावा गोविंद नगर, आर्य नगर, घाटमपुर और कल्याणपुर विधानसभा सीट से भी भाजपा और सपा के प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है।
महाराजपुर विधानसभा सीट से औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने कलेक्ट्रेट परिसर में एसीएम-5 कोर्ट में नामांकन दाखिल किया। इस सीट पर वह 2012 और 2017 के चुनाव में भी जीत दर्ज कर चुके हैं। महाराजपुर विधानसभा सीट से बसपा ने सूर्यपाल सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया है, कांग्रेस ने कनिष्क पांडेय को उम्मीदवार बनाया है। सपा से अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
इन्होंने भी दाखिल किया नामांकन
कल्याणपुर सीट से सपा प्रत्याशी सतीश निगम और घाटमपुर सीट से सपा प्रत्याशी भगवती सागर ने भी पर्चा दाखिल किया है। कल्याणपुर सीट पर 2012 में सतीश निगम ने पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार को हराकर चुनाव जीता था। जबकि 2017 में वह उनकी बेटी भाजपा प्रत्याशी नीलिमा कटियार से चुनाव हार गए थे। वहीं बिल्हौर से विधायक रहे भगवती सागर ने भाजपा छोड़कर इस बार सपा का दामन थामा है और घाटपुर सीट से मैदान में उतरे हैं। वहीं आर्यनगर सीट से भाजपा के सुरेश अवस्थी ने नामांकन किया है। इससे पहले सुरेश अवस्थी ने सीसामऊ सीट से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था और वे सपा के इरफान सोलंकी से हार गए थे।