Move to Jagran APP

मुख्यमंत्री ने कहा, श्रमिक संगठनों की नकारात्मक भूमिका ने कानपुर को बर्बाद कर दिया

कानपुर से संचालित भारतीय मजदूर संघ के 35वें त्रैवार्षिक वर्चुअल अधिवेशन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सचिवालय स्थित अपने कार्यालय से संबोधित किया। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ को देश का सबसे बड़ा मजदूर संगठन बताया। हमेशा राष्ट्र उद्योग और श्रमिकों के हित में अपनी बात उठाई है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Published: Sat, 05 Jun 2021 11:54 AM (IST)Updated: Sat, 05 Jun 2021 11:54 AM (IST)
मुख्यमंत्री ने कहा, श्रमिक संगठनों की नकारात्मक भूमिका ने कानपुर को बर्बाद कर दिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर में आयोजित वर्चुअल सम्मेलन में शामिल हुए।

कानपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि श्रमिक संगठनों की नकारात्मक भूमिका ने मैनचेस्टर ऑफ ईस्ट कहे जाने वाले कानपुर को बर्बाद कर दिया। वह लखनऊ सचिवालय स्थित कार्यालय से भारतीय मजदूर संघ के 35वें त्रैवार्षिक वर्चुअल अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का संचालन कानपुर में नवीन मार्केट स्थित भारतीय मजदूर संघ के कार्यालय से हुआ।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री कहा कि आज भारतीय मजदूर संघ एक ऐसा मजदूर संगठन है जिसके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उसने हमेशा राष्ट्र, उद्योग और श्रमिकों के हित में अपनी बात उठाई है। भारतीय मजदूर संघ की सोच सकारात्मक व विचारधारा राष्ट्रवादी है। इसीलिए वह आज देश का सबसे बड़ा मजदूर संगठन है। कहा, यह कार्यक्रम कानपुर से संचालित हो रहा है। कानपुर ने उन संगठनों की नकारात्मक भूमिका भी देखी है जिन्होंने औद्योगिक स्वरूप को बर्बाद कर दिया।

सीएम ने कहा कि उनकी भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों से लगातार बात होती रहती है लेकिन उनकी बातों में कभी नकारात्मकता नजर नहीं आई। वे देश हित सबसे पहले रखते हैं। इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है कि कोरोना काल में भी हम आगे बढ़ रहे हैं। जब कोरोना की शुरुआत हुई तो पीपीई किट, सैनिटाइजर व एन 95 मास्क हमारे पास नहीं थे लेकिन भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि लाकडाउन में हम काम करेंगे। इसके चलते ही 27 राज्यों को उत्तर प्रदेश पीपीई किट, सैनिटाइजर व मास्क दे पाया। जो पीपीई शुरू में पांच से छह हजार की पड़ती थी, उनका इतना उत्पादन किया किया कि दो से ढाई सौ रुपये में वह मिलने लगी।

उन्होंने कहा, जब कोरोना का पहला मामला प्रदेश में आया तो जांच की सुविधा नहीं थी लेकिन आज साढ़े तीन से चार लाख लोगों की प्रदेश में एक दिन में जांच हो रही है। इस वर्ष जब कोरोना की दूसरी भयंकर लहर आई तो भी भारतीय मजदूर संघ की भूमिका सकारात्मक थी। इसीलिए सभी उद्योग चले। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री श्रीकांत अवस्थी ने किया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम त्रिपाठी, अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी सुरेंद्रन, राष्ट्रीय मंत्री अशोक शुक्ला, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.