भाजपा विधायक को दोबारा टिकट मिलने से नाराज था व्यक्ति, वीडियो वायरल कर विधानसभा के सामने अग्निदाह की दी धमकी
UP Chunav 2022 उन्नाव की मोहान विधानसभा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति भाजपा विधायक को दोबारा टिकट मिलने से विरोध कर रहा है। साथ ही गणतंत्र दिवस पर विधानसभा के बाहर अग्निदाह करने की धमकी देता दिख रहा है।
उन्नाव, जागरण संवादादाता। Unnao Chunav News : मोहान विधानसभा से भाजपा विधायक को दोबारा टिकट मिलने से नाराज एक व्यक्ति का बीते रविवार देर रात एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह गणतंत्र दिवस पर विधानसभा के बाहर अग्निदाह करने की धमकी देता दिख रहा है। इस पर पुलिस ने उसके घर व अन्य ठिकानों पर छापेमारी की लेकिन, वह कहीं नहीं मिला। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।
बता दें कि विकासखंड औरास के टिकरा गांव निवासी राजन महराज का रविवार देररात एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें उन्होंने मोहान विधायक बृजेश रावत को पार्टी द्वारा दोबारा टिकट देने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विधायक ने अपने कार्यकाल में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को महत्व नहीं दिया। आरोप लगाया कि उन्होंने सपा मानसिकता से काम किया है।
कहा कि वे पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। इस वीडियो की हकीकत जानने को जब जागरण की टीम उनके घर पहुंची तो वहां मिली उनकी पत्नी राम बेटी ने कहा कि वे कुछ समय से एक अन्य दावेदार प्रत्याशी के समर्थक थे और उनके साथ आते-जाते थे। उन्हें टिकट न मिलने से वे नाराज थे। लेकिन, वीडियो को नकारते हुए कहा कि किसी ने जानबूझकर यह वीडियो बनाया हाेगा हमको इसकी कोई जानकारी नहीं है। बताया कि रविवार शाम गांव के एक पूर्व प्रधान के भाई उन्हें अपने साथ ले गए थे। तब से वे घर नहीं लौटे हैं। इस पर ब्लाक मंडल अध्यक्ष बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि राजन महराज बीजेपी के पदाधिकारी नहीं हैं। एसओ संजीव शाक्य ने कहा कि सोमवार सुबह हल्का दारोगा व सिपाही उनके घर गए था। वीडियो में दिख रहे राजन महराज नामक व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है। उसे साथ ले जाने वाले युवक का मोबाइल स्विच आफ है। उसके बारे में जानकारी की जा रही है।