UP Chunav 2022 : मुलायम के साढ़ू ने अखिलेश यादव पर किया बड़ा हमला, बोले- पार्टी की विचारधारा बदल दी, पिता के लिए कही यह बात
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 सपा से विधायक रहे प्रमोद कुमार गुप्ता का भाजपा के प्रति प्रेम जगजाहिर होने के बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कई आरोप मड़ दिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने पिता को ही बंधक बना लिया है।
औरैया, जागरण संवाददाता। सपा से विधायक रहे प्रमोद कुमार गुप्ता का भाजपा के प्रति रुझान व सदस्य जल्द लिए जाने की चर्चा के बीच उन्होंने आवास पर पत्रकारों को दिए बयान में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कई आरोप मड़ दिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने पिता को ही बंधक बना लिया है। किसी से मिलने नहीं देते। इतना ही नहीं, 22 नवंबर को जन्मदिन पर ‘नेता जी’ से उन्होंने माइक छीन लिया था। उनकी धरा में समाजवादी पार्टी की ‘विचार धारा’ बदल गई है।
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता औरैया की बिधूना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक रह चुके हैं। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पिता मुलायम सिंह यादव को बंधक बनाने का आरोप लगाया। कहा कि अखिलेश किसी से भी ‘नेता जी’ को मिलने नहीं देते हैं। प्रमोद ने अखिलेश पर यह गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जो लोग मुलायम सिंह यादव को बुरा भला कहते थे उसे उनके ‘बेटा’ भी शामिल हो गया है। माफिया व अपराधियों को शरण दी जा रही। अखिलेश यादव द्वारा मुलायम सिंह का अपमान किया जाता है। जहां अपमान होने लगे वहां अब रहने का कोई मतलब नहीं। इसलिए वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे। गुरुवार को सदस्यता ग्रहण कर लेंगे।