UP Chunav 2022 : फतेहपुर की अयाह-शाह सीट पर दिलचस्प हुआ चुनाव, सपा ने राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद को उतारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा सीट पर जैसे-जैसे पार्टियां उम्मीदवार घोषित कर रही हैं। वैसे-वैसे चुनावी तस्वीर साफ होती जा रही है। फतेहपुर की अयाह-शाह सीट का मुकाबला भी दिलचस्प हो गया है। यहां पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद को टिकट दिया है।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी (सपा) ने यमुना कटरी से जुड़ी अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य विशंभर प्रसाद निषाद को प्रत्याशी बनाया है। सपा के बड़े चेहरे के मैदान में आने से चुनाव दिलचस्प होगा। विशंभर निषाद वर्ष 1996 में बसपा से जिले के सांसद चुने गए थे, इसके बाद वह समाजवादी पार्टी में राज्यसभा सदस्य व राष्ट्रीय महासचिव का दायित्व संभाल रहे हैैं। मूल रूप से बांदा जनपद के रहने वाले राष्ट्रीय महासचिव प्रदेश में बसपा व सपा की सरकार में मंत्री पद पर भी रहे। जिला महासचिव देवी गुलाम कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयाह-शाह विधानसभा क्षेत्र से विशंभर निषाद को प्रत्याशी घोषित करते हुए फार्म बी जारी कर दिया है। प्रत्याशी बनाने की घोषणा होते ही समर्थकों ने खुशी जाहिर किया है।