कांग्रेस के लिए धर्मसंकट, कानपुर की तीन सीटों पर चल रहा बड़ा मंथन, कौन होगा प्रत्याशी
कानपुर में सीसामऊ गोविंद नगर और कल्याणपुर सीट पर प्रत्याशी उतारने के लिए कांग्रेस में जद्दोजहद चल रही है। वहीं दूसरे दल अपने प्रत्याशी तय कर चुके हैं इससे कांग्रेस के दावेदार ऊहापोह की वजह से मैदान में उतर नहीं पाए हैं।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस ने कानपुर की पांच सीट बिल्हौर, महाराजपुर, किदवई नगर, आर्यनगर और छावनी विधानसभा पर सीट की घोषणा कर दी है। शेष पांच सीटों पर अभी मंथन चल रहा है। घाटमपुर, कल्याणपुर, बिठूर, सीसामऊ और गोविंद नगर सीट पर प्रत्याशी घोषित होने हैं। इन सीटों पर कई दावेदार हैं, जो मजबूती से दावा ठोंक रहे हैं। सीसामऊ, गोविंद नगर और कल्याणपुर पर प्रत्याशी घोषित करना कांग्रेस के लिए थोड़ी बड़ी चुनौती है।
कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट से कांग्रेस के सबसे ज्यादा 14 दावेदार हैं। सपा पार्षद दल के नेता हाजी सुहैल अहमद के कांग्रेस में शामिल होने के बाद यह संख्या बढ़कर 15 हो गई है। सीसामऊ से वर्तमान जिला अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, पूर्व अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, यूपी बार काउंसिल के सदस्य अधिवक्ता अंकज मिश्रा, पूर्व पार्षद नीलम चौरसिया, अवनीश सलूजा, पूर्व पार्षद हाजी वसीक, सरिता सेंगर, दिलीप बाजपेयी जैसे कई मजबूत दावेदार है। इनके बीच से एक नाम का चुनाव कांग्रेस के लिए मुश्किल भरा है। कल्याणपुर में दस दावेदार हैं, जिसमें बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अधिवक्ता नरेश चंद्र त्रिपाठी, पीसीसी सदस्य ममता तिवारी, पार्षद कमल शुक्ल बेबी, अधिवक्ता राजीव द्विवेदी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
वहीं, गोविंद नगर में यहां पूर्व प्रत्याशी और वर्तमान अध्यक्ष के बीच टिकट की सीधी टक्कर मानी जा रही है। घाटमपुर सीट पर भी प्रत्याशी का चयन थोड़ा मुश्किल लग रहा है। यहां पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी, पूर्व प्रत्याशी नंद राम सोनकर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।