फतेहपुर में पहला पर्चा हुआ दाखिल, अयाह-शाह से भाजपा प्रत्याशी विकास गुप्त ने कराया नामांकन
UP Assembly Chunav 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए फतेहपुर में सभी पार्टियों ने टिकट जारी कर दिए हैं। गुरुवार से नामांकन शुरू हो गए हैं। पहले दिन भाजपा के अयाह-शाह सीट से प्रत्याशी विकास गुप्त ने पहला नामांकन कराया। इसके साथ अन्य दलों ने पर्चा खरीदा।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता। UP Vidhan Sabha Chunav 2022 : चौथे चरण के मतदान के शामिल जिले की छह विधानसभाओं के लिए गुरुवार से पर्चा दाखिला शुरू हुआ। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पहले दिन मात्र एक पर्चा दाखिल हुआ। कोरोना प्रोटोकाल के अनुसार अयाह-शाह (Ayah Shah) से भाजपा प्रत्याशी विकास गुप्त (Vikas Gupta) ने दोपहर दो बजे सादगी के साथ नामांकन कराया। आइटीआइ रोड स्थित आवास से केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति (Sadhvi niranjan Jyoti)समेत बड़ी संख्या में समर्थक रहे। प्रत्याशी अपने दो समर्थकों के साथ नामांकन कक्ष में जाकर पर्चा दाखिल किया। सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार से ही प्रवेश दिया जा रहा था, वाहन हायड्रिल कालोनी के पास ही रोका जा रहाा था। विधानसभा क्षेत्र सदर, जहानाबाद, बिंदकी, खागा, हुसेेनगंज में पहले दिन नामांकन की बोहनी नहीं हुई। तीन फरवरी तक चलने वाले नामांकन के लिए पहले दिन बसपा के सभी उम्मीदवारों समेत 15 लोगों ने पर्चे लिए।