बिंदकी से भाजपा विधायक करण सिंह के सीने में उठा दर्द, अस्पताल में भर्ती, टिकट को लेकर तनाव की चर्चा
UP Assembly Chunav 2022 भाजपा विधायक करण सिंह के सीने में गुरुवार शाम अचानक दर्द हुआ जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को राकेश सचान की पत्नी को टिकट मिलने का फर्जी पत्र वायरल हुआ था जिसको लेकर चर्चा रही कि विधायक तनाव में थे।
फतेहपुर, जागरण संवाददाता। UP Vidhan Sabha Chunav 2022 : बिंदकी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक करण सिंह पटेल के सीने में गुरुवार शाम अचानक दर्द होने लगा। स्वजन ने शहर में ही उन्हें एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डाक्टरों ने बताया कि फिलहाल वह स्वस्थ हैं और उनकी जांचें कराई गई हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बिंदकी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। चर्चा रही कि टिकट को लेकर विधायक तनाव में थे।
गुरुवार देर शाम विधायक अपने आवास विकास कालोनी स्थित घर में थे, तभी अचानक उनके सीने में दर्द हुआ। स्वजन उन्हें लेकर कचहरी के पास स्थित नर्सिंग होम पहुंचे। नर्सिंग होम संचालक डा. एसके उत्तम ने बताया कि विधायक को सीने में दर्द महसूस हुआ था। उन्हें भर्ती करके इलाज किया जा रहा है। हालत में सुधार हुआ है। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र ने बताया कि विधायक के अस्वस्थ होने की जानकारी मिली है। उनकी हालत में सुधार है।
बिंदकी से राकेश सचान की पत्नी को टिकट मिलने का फर्जी पत्र हुआ था वायरल
गुरुवार को कांग्रेस नेता राकेश सचान के भाजपा में शामिल होने के कुछ घंटे बाद ही उनकी पत्नी सीमा सचान को बिंदकी से भाजपा का टिकट मिलने का पत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। देर शाम इसी तरह जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से अरविंद विक्रम सिंह को भाजपा प्रत्याशी बनाने का पत्र वायरल हुआ। पत्र पर राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर हैं। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र ने इसे फर्जी बताया है। पत्र में पांचवां चरण लिखा गया है जबकि बिंदकी विधानसभा क्षेत्र में चौथे चरण में वोट डाले जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा, बिंदकी और जहानाबाद से प्रत्याशी बनाने की बात पूरी तरह से फर्जी है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा अभी तक दोनों में किसी भी सीट का प्रत्याशी नहीं घोषित किया गया है। बुधवार को ही पूर्व सांसद राकेश सचान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने संकेत किया था कि वह भोगनीपुर या बिंदकी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं।