Unnao Zila Panchayat Chunav Result: भाजपा की शकुन के सिर सजा जिपं अध्यक्ष का ताज, नौ वोट से दर्ज की जीत
Unnao Zila Panchayat Chunav Result जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए काफी दिनों से चल रही गहमा गहमी पर विराम लग गया। शनिवार दोपहर आये मतगणना परिणाम में भाजपा की घोषित प्रत्याशी पूर्व एमएलसी दिवंगत अजीत सिंह की पत्नी शकुन सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
उन्नाव, जेएनएन। Unnao Zila Panchayat Chunav Result जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में शनिवार को उस वक्त भगवा परचम लहरा गया जब भाजपा की प्रत्याशी शकुन सिंह ने 28 मत हासिल की इसके साथ उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अरुण सिंह को नौ मतों से पराजित किया। अरुण को 19 मत मिले जबकि, तीसरी उम्मीदवार मालती रावत को एक मत से ही संतोष करना पड़ा। वहीं, तीन मत अवैध घोषित हो गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए काफी दिनों से चल रही गहमा गहमी पर विराम लग गया। शनिवार दोपहर आये मतगणना परिणाम में भाजपा की घोषित प्रत्याशी पूर्व एमएलसी दिवंगत अजीत सिंह की पत्नी शकुन सिंह अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। शकुन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के ही अरुण सिंह को नौ मतों से पराजित किया। वहीं सपा के चुनाव बहिष्कार करने के बाद चुनाव से खुद को पृथक करने के बाद भी मालती रावत को एक मत मिला। माना जा रहा है कि यह मत मालती रावत ने स्वयं को दिया होगा। चुनाव प्रेक्षक डा. हरि ओम की निगरानी में हुए मतदान और मतगणना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम रवींद्र कुमार ने शकुन सिंह को विजयी होने का प्रमाण पत्र दिया। इसी के साथ जिले के प्रथम नागरिक की कुर्सी पर भगवा झंडे के साथ शकुन सिंह का कब्जा हो गया।
हिंदी में अंक लिखने पर हुए मत खारिज: जिला पंचायत चुनाव में जो तीन मत अवैध पाये गए हैं। उनके संबंध में डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि मतदाता सदस्यों को पहले ही यह अवगत करा दिया गया था कि मतपत्र पर अंग्रेजी के अंक से अपना मत अंकित करना था, इसके बाद भी तीन सदस्यों ने उसपर हिंदी के अंक का मत पत्र में प्रयोग किया। इसी कारण से उन पत्रों को खारिज कर दिया गया।
इनका ये है कहना:
- यह जीत मेरी अकेले की नहीं उन्नाव की जनता की है। सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाना और क्षेत्र का बिना किसी पक्षपात के विकास करना हमारा पहला उद्देश्य होगा। जनपद के सतत विकास की ओर अग्रसर करते हुए स्व. अजीत सिंह के सपने को पूरा करना ही हम सभी का लक्ष्य होगा। - शकुन सिंह, नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष
- हमारे प्रत्याशी की जीत हुई है। प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव और मतगणना कराई है। कोई क्या कह रहा है इसमें मैं क्या कर सकता हूं। - राज किशोर रावत, अध्यक्ष भाजपा
- मैं प्रशासन से लड़ा हूं। केवल उन्नाव के जिला प्रशासन ने मुझे चुनाव हरवाया है। भारतीय जनता पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है। उन्नाव प्रशासन और कुछ लोगों ने मुझे हराया है। - अरुण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के रनर
यहां पढ़ें जिपं अध्यक्ष चुनाव से जुड़ी खबरें: कानपुर में खिला 'कमल', सपा प्रत्याशी को हरा भाजपा की स्वप्निल बनीं जिपं अध्यक्ष
जानिए - बुंदेलखंड के जिलों में कौन-कौन बना जिपं अध्यक्ष और किसके हाथ लगी निराशा
कन्नौज में भाजपा समर्थित प्रिया शाक्य ने लहराया जीत का परचम, दो वोटों से हासिल की विजय
औरैया में भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने मारी बाजी, चुनाव में 23 में 22 सदस्यों ने की वोटिंग