इटावा में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष को अज्ञात लोगों ने मारी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
स्कार्पियो से जा रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के इकदिल मंडल अध्यक्ष अमित बरुआ उम्र 26 वर्ष को दो-तीन अज्ञात लोगों ने रोक कर बहस होने पर गोली मार दी। गोली उसके जबड़े में लगी। उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल लाया गया।

इटावा, जागरण संवाददाता। थाना इकदिल क्षेत्र के अंतर्गत मानिकपुर मोड़ ओवर ब्रिज के पास स्कार्पियो से जा रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के इकदिल मंडल अध्यक्ष अमित बरुआ उम्र 26 वर्ष को दो-तीन अज्ञात लोगों ने रोक कर बहस होने पर गोली मार दी। गोली उसके जबड़े में लगी। उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल लाया गया जहां से उसे उत्तरप्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया।
एएसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि अनिल बरुआ अपने जीजा संतोष कुमार के पास ककराईपुरा गांव में रहता है। वह किसी काम से जा रहा था। मानिकपुर ओवरब्रिज के पास दो-तीन लोगों ने उसकी गाड़ी को रोका और कुछ दिन पहले हुई लड़ाई के बारे में उसके कुछ साथियों के बारे में पूछताछ करने लगे। उसने अनभिज्ञता जाहिर की तो बहस हो गई। इस पर उनमें से एक युवक ने उसे गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि युवकों को पकड़ने के लिए सीओ सिटी अमित सिंह के नेतृत्व में टीमें भेजी गई हैं। अभी मामले की और छानबीन की जा रही है। अमित के पास कुछ अपने ट्रैक्टर भी हैं जिनको किराये पर चलवाने का काम करता है।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, महामंत्री शिवाकांत चौधरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष संजू चौधरी भी अस्पताल पहुंचे।
Edited By Abhishek Verma