उमा भारती ने कहा, पहले हिंदू-मुस्लिम के बीच खड़ी की दीवार अब देश में विद्रोह करा रही कांग्रेस
चित्रकूट में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने भारत रत्न नानाजी देशमुख की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी।
चित्रकूट, जेएनएन। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने सीएए पर हो रही हिंसा पर सीधे कांग्रेस को कठघरे में खड़ा कर दिया है। कहा, कांगेस ने ही हिंदू और मुस्लिम के बीच दीवार खड़ी की थी और अब वोटबैंक की राजनीति के लिए देश में विद्रोह करा रही है। जब तक वोट बैंक की राजनीति खत्म नहीं होगी यह समस्या बनी रहेगी।
चित्रकूट स्थित डीआरआइ के उद्यमिता विद्यापीठ में भारत रत्न नानाजी देशमुख की पुण्य तिथि कार्यक्रम में आईं पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि देश का बंटवारा कांग्रेस ने धर्म के आधार पर करवाया था। बड़ी संख्या में मुस्लिम तबके को खुश करने के लिए राजनीति की गई और कांग्रेस ने ही हिंदू और मुस्लिम के बीच दरार पैदा की है। अब देश के अंदर अलग-अलग राज्यों में विद्रोह करा रही है। इसलिए देश के लोगों को कांग्रेस पार्टी और विचारधारा से मुक्त होना होगा। मुस्लिमों की गरीबी और बेरोजगारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूर कर रहे हैं, इसपर उन्हें ध्यान देना होगा। कई बातों का कांग्रेसियों को जवाब देना होगा।
चुनाव न लडऩे की बात कही थी, राजनीति नहीं छोड़ी है
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैंने तब चुनाव नहीं लडऩे की बात कही थी। मीडिया ने समझ लिया कि राजनीति छोड़ दी है। नानाजी देशमुख मेरे पिता तुल्य थे। उनके जैसे व्यक्तित्व से ही समझ आता है कि राजनीति चुनाव का विषय नहीं है। राजनीति सेवा के लिए है, स्वार्थ के लिए नहीं। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने गंगा के प्रति खुद को समर्पित बताया। बोलीं-मेरा जन्म गंगा के लिए हुआ है। मैं गंगा के लिए ही जिऊंगी और मरूंगी। यह समाज व संतों की धारा है। गंगा के प्रति सभी को श्रद्धा और जिम्मेदारी दोनों भाव लाने होंगे।
चित्रकूट के विकास के पर्याय नानाजी
उन्होंने कहा कि नानाजी की जिंदगी में कर्मकांड नहीं था। उनका जीवन आध्यात्मिक था। राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने कहा कि नानाजी चित्रकूट के विकास के पर्याय हैं। नानाजी के चेहरे पर एक ही भाव था समृद्ध, सर्वोपरि और सुदृढ़ गांव। यह क्रांति वर्तमान में भी दिख रही है। कार्यक्रम में नानाजी को श्रद्धांजलि देने मलूक पीठाधीश्वर वृंदावन के संत राजेंद्र दास, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, डीआरआइ के संरक्षक मदन दास, अध्यक्ष वीरेंद्र जीत सिंह, उपाध्यक्ष डॉ नरेश शर्मा, डॉ भरत पाठक, प्रधान सचिव अतुल जैन, संगठन सचिव अभय महाजन, मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, विधायक रीवां राजेंद्र शुक्ला, मऊ की ऊषा ठाकुर, नीमच के संजय मारू, छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, मुकेश तिवारी भी पहुंचे।